
CHHAPRA DESK – सारण जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हुए हादसों में एक महिला समेत दो व्यक्ति की मौत हुई है. वही बकरी चरा रही एक महिला गंभीर स्थिति में पटना रेफर की गई है. जिले के मशरक थाना क्षेत्र अंतर्गत सिउरी नहर पर बकरी चरा रहीं महिलाओं को अनियंत्रित कार ठोकर मारते हुए फरार हो गया. जिससे बकरी चरा रही एक महिला की मौत हो गई और दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हालत में इलाज के लिए सीएचसी मशरक में भर्ती कराई गई. जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद छपरा सदर अस्पताल और वहां से पटना रेफर किया गया है.

मृत महिला की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के सिउरी गांव निवासी स्व साहेब हुसैन की 52 वर्षीय पत्नी रसूलन बीबी के रूप में की गई है. वहीं घायल महिला मोती लाल राय की 40 वर्षीय पत्नी सबिता देवी बताई गई हैं. मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेजने की प्रकिया शुरू कर दी. इस घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि गांव की महिलाएं नहर के किनारे बकरी चरा रहीं थीं कि उसी दौरान अनियंत्रित कार कुचलते हुए फरार हो गया. इस दुर्घटना में रसूलन बीबी की मौत हुई है. हालांकि देर शाम होने के कारण शव का पोस्टमार्टम अगले दिन कराए जाने को लेकर सुरक्षित रखा गया है.

वहीं, दूसरी घटना में दरियापुर थाना अंतर्गत दरिहारा चतुर्भुज गांव में करंट लगने से एक अधेड़ की मौत हुई है. मृत अधेड़ की पहचान जिले के दरियापुर थाना अंतर्गत दरिहारा चतुर्भुज गांव निवासी रामजी राय के 46 वर्षीय पुत्र झरी लाल राय के रूप में की गई है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि वह खजुआता गांव में गया था, जहां करंट लगने से उसकी मौत हुई है. इस घटना की सूचना के बाद परिवार वालों में रोना-पीटना लग गया. वहीं दरियापुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम किया गया है.

![]()

