अलग-अलग सड़क हादसे में गंभीर दो व्यक्ति की उपचार के दौरान पटना में मौत ; घर परिवार में मचा कोहराम

CHHAPRA DESK –   सारण जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में बीते दिन हुए सड़क हादसों में गंभीर रूप से घायल दोनों व्यक्ति की मौत पटना में उपचार के दौरान हो गई. इस सूचना के बाद दोनों परिवार में रोना-पीटना लगा हुआ है. जिले के बनियापुर थाना अंतर्गत पुछरी गांव के समीप बीते दिनों सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की मौत आज पटना में उपचार के दौरान हो गई. सूचना के बाद परिवार वालों में कोहराम मच गया. मृत व्यक्ति स्थानीय थाना क्षेत्र के पुछरी गांव निवासी बंसीलाल के 71 वर्षीय पुत्र संतलाल प्रसाद बताये गये है, जो कि खेती-किसानी कर घर परिवार चलाते थे.

चिकित्सक द्वारा उसे मृत घोषित किए जाने के बाद परिवार वाले शव लेकर छपरा पहुंचे जहां स्थानीय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा जहां रात्रि में ही शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया. इस घटना के संबंध में मृतक के पुत्र संजय कुमार ने बताया कि बीते 3 दिसंबर को गांव के समीप ही तेज गति से जा रहे एक बाइक ने उन्हें टक्कर मार दिया था. जिसके कारण उनकी स्थिति गंभीर हो गई थी और उन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से छपरा और फिर वहां से बेहतर चिकित्सा के लिए पटना रेफर किया गया था. वही दुर्घटना के बाद चालक बाइक छोड़कर फरार हो गया था, जिसे जब्त कर पुलिस के हवाले किया गया है.

वहीं, मांझी क्षेत्र अंतर्गत छपरा-मांझी मुख्य मार्ग स्थित धनी छपरा गांव के समीप अनियंत्रित टोटो ने एक वृद्ध को ठोकर मार दी, जिनकी गम्भीर अवस्था में पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई. मौत की खबर मिलते हीं परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक मांझी थाना क्षेत्र के धनी छपरा गांव का निवासी 60 वर्षीय अनिरुद्ध चौधरी बताया जाता है. जो कि गांव के समीप हीं एक झोंपड़ी में चाय की एक छोटी सी दुकान के सहारे अपने परिवार का भरण पोषण करता था. परिजनों ने बताया कि दो वर्ष पूर्व ठीक उसी स्थान पर एक अज्ञात वाहन के धक्के से मृतक के विवाहित बेटे राजू चौधरी की भी दर्दनाक मौत हो गई थी.

मृतक का परिवार अभी उसी सदमें से पूरी तरह उबर भी नही पाया था कि दूसरी घटना में पिता की मौत हो गई. दूसरी दुर्घटना ने गरीबी से जूझ रहे उनके परिवार को पूरी तरह झकझोर कर रख दिया है. मृतक के चाचा जयराम चौधरी ने बताया कि शनिवार की शाम अनिरुद्ध चौधरी अपनी चाय की दुकान के लिए चीनी और चायपत्ती गांव में स्थित एक दुकान से खरीदकर वापस अपनी दुकान पर लौट रहे थे, तभी अनियंत्रित टोटो ने उन्हें ठोकर मार दिया. बाद में आनन फानन में ग्रामीणों ने उन्हें मांझी सीएचसी पहुंचाया. हालांकि चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया था. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटना रेफर कर दिया गया था, जहां आज मौत हुई है.

Loading

79
Accident E-paper ब्रेकिंग न्यूज़