
SIWAN DESK – सिवान जिले के बड़हरिया में अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने कोचिंग पढ़ने जा रहीं तीन छात्राओं को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं. यह हादसा बड़हरिया-सीवान मुख्य मार्ग पर मांसहता मोड़ के पास हुआ. इस घटना के विरोध में स्थानीय लोग लड़क पर उतर आए और मुख्य मार्ग को जाम कर टायर जला प्रदर्शन करना शुरू कर दिया. मृत छात्रा की पहचान हाथीगाई निवासी रामपत पंडित की 18 साल की पुत्री तन्नू कुमारी के रूप में हुई है. उसकी दो अन्य सहेली मंजू कुमारी और रूबीना खातुन घायल हुईं हैं जिनका उपचार चल रहा है.

ये दोनों भी हाथीगाई की रहने वाली हैं. तीनों छात्राएं बीए और कंप्यूटर की पढ़ाई करती हैं और सिवान पढ़ने जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थीं. तभी सिवान की ओर से आ रही स्कॉर्पियो कार ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे के बाद ड्राइवर गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया. वहीं सूचना पर थानाध्यक्ष रूपेश वर्मा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की. वही आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने जाम हटवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर स्थल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया गया. वहीं इस घटना के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है.

![]()

