CHHAPRA DESK – सारण पुलिस ने जिले में लगातार हो रही लूट की घटनाओं का सफल उद्भेदन करते हुए अंतर जिला गिरोह के पांच शातिर लुटेरों को हथियार और लूट का माल के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल किया है. प्रेस वार्ता के दौरान इस बात की जानकारी देते हुए सदर डीएसपी-1 राज किशोर सिंह ने बताया कि बीते दिन 1 दिसंबर को मुफस्सिल थाना अंतर्गत छुरी छपरा गांव के समीप नेक्सन कार सवार अपराधियों के द्वारा हथियार के बल पर एक ट्रक लूट की घटना को अंजाम दिया गया था. जिसके बाद पुलिस अपराधियों की घरपकड़ के लिए पीछे लगी थी.

एसपी डॉक्टर कुमार आशीष के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया था. जिसकी देखरेख में ट्रक लूट मामले का सफल उद्भेदन करते हुए कई लूट कांडों का भी उद्भेदन किया गया है. यह गिरोह अंतर जिला गिरोह है लेकिन इसके तार अंतर राज्यीय अपराधियों से भी जुड़ने के संकेत मिले हैं. इस मामले में कुल पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. जिनके पास से लूटी गई ट्रक एवं लूट में प्रयुक्त लाल रंग की नेक्सन कार, एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस एवं डेढ़ किलोग्राम गांजा भी बरामद किया गया है. जिसकी तस्करी यह लोग झारखंड तक करते थे.

गिरफ्तार अपराध कर्मियों में जिले के मढ़ौरा थाना अंतर्गत जगदीशपुर गांव निवासी अजीत सिंह उर्फ राजा, मृत्युंजय सिंह, पटेढी बैज गांव निवासी निखिल कुमार पाठक, युवराज कुमार सिंह एवं भेल्दी थाना क्षेत्र के तरवारा गांव निवासी प्रिंस पांडे उर्फ भुवर शामिल है. छापामारी टीम में मुफस्सिल थाना अध्यक्ष पुनि विशाल आनंद, पुअनि निधि कुमार, पुअनि ओम प्रकाश कुमार, पुअनि राजेश कुमार, पुअनि गुलशन कुमार, प्रपुअनि सौरभ कुमार पांडे, सिपाही 275 विकास कुमार, सिपाही 904 सुनित सहनी, सिपाही 99 अक्षय कुमार शामिल थे.

![]()

