CHHAPRA DESK – पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल डीआरएम आशीष जैन ने आज छपरा जंक्शन का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. इस दौरान डीआरएम ने विशेष रूप से रेलवे बोर्ड से आने वाली (राइट) रेलवे इंडिया जनरल टेक्निकल कंसल्टेंसी एंड इंजीनियरिंग सर्विसेज टीम के साथ तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की और छपरा जंक्शन पर होने वाले विकास कार्यों की जानकारी ली. वहीं निरीक्षण के क्रम में उन्होंने नए ऑफिसर रेस्ट हाउस, सेकेंड एंट्री गेट, यार्ड क्षेत्र, तथा स्टेशन परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों को देखा.

वही स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं, प्लेटफॉर्म व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का भी बारीकी से निरीक्षण किया. उन्होंने होली के बाद ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इस दौरान प्लेटफॉर्म पर पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय और टिकट काउंटरों की व्यवस्था की भी जांच की.
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने राइट के तकनीकी विशेषज्ञों और रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर छपरा जंक्शन पर प्रस्तावित विकास योजनाओं पर चर्चा की.

![]()

