CHHAPRA DESK – दिल्ली में हुए आतंकी हमले के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है. इसी क्रम में बीती देर रात सारण एसएसपी डॉ कुमार आशीष ने छपरा जंक्शन पहुंचकर विधि-व्यवस्था की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से जायजा लिया और आरपीएफ व जीआरपी अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था और अधिक चुस्त-दुरुस्त रखने का निर्देश दिया. वही एसएसपी के साथ आरपीएफ प्रभारी विनोद कुमार यादव, जीआरपी थानाध्यक्ष शाहिद अनवर अंसारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने प्लेटफॉर्म, पार्सल कार्यालय, सर्कुलेटिंग एरिया, उपरगामी पुल तथा सेकेंड एंट्री गेट तक का दौरा किया. इस दौरान यात्रियों से बातचीत कर उन्होंने किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या सामान की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की. सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए डॉग स्क्वायड की टीम भी मौके पर तैनात रही. टीम ने प्लेटफॉर्म पर खड़े ट्रेनों, पार्सल क्षेत्र और यात्रियों के सामानों की गहन जांच की. वहीं स्टेशन पर आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर पुलिस की कड़ी नजर रही.

एसएसपी ने कहा कि दिल्ली में हुए आतंकी हमले को देखते हुए जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है. छठ पर्व के बाद यात्रियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखे हुए है. यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. वही निरीक्षण के दौरान आरपीएफ, जीआरपी और जिला पुलिस बल के जवान पूरी तत्परता के साथ ड्यूटी पर तैनात नजर आए.

![]()

