
PATNA DESK – पटना पुलिस ने नशे की सुई और नींद की गोलियों का धंधा करने वाले सात लोगों को गिरफ्तार किया है. कंकड़बाग और पटना सिटी में छापेमारी कर आरोपितों के पास से 15,711 नशे की सुई और 76 हजार नींद की गोलियां बरामद कीं. इसके अलावा 4.38 लाख रुपये भी बरामद किए गए हैं. नशे के धंधे में लिप्त और गिरफ्तार आरोपितों में नालंदा के सोहसराय निवासी ब्रजेश कुमार, उसी जिले के औंगारी निवासी राहुल कुमार, कंकड़बाग निवासी गणेश कुमार, छोटू कुमार, रामकृष्णा नगर के रहनेवाले बिट्टू कुमार, साहिल कुमार और गोरीचक निवासी नीतीश कुमार शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक आरोपित एक वर्ष से नशा का धंधा चला रहे थे.

एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि पुलिस नशा के खिलाफ पुलिस विशेष अभियान चला रही है. पुलिस ने ऐसे लोगों की जानकारी इक्ट्ठा करने के लिए व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया है. इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि कंकड़बाग स्थित झोपड़पट्टी में भारी संख्या में नशे का इंजेक्शन बेचने के लिए रखा गया है. इसका पता चलने पर थानाध्यक्ष अजय कुमार की टीम ने औषधि निरीक्षक के साथ मिलकर कंकड़बाग झोपड़पट्टी में छापेमारी की. तब वहां से गणेश कुमार, छोटू कुमार, बिट्टू कुमार, साहिल कुमार और नीतीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया. उनके पास से नशे की 102 सुई और 25 लीटर देशी शराब बरामद हुई.

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे आलमगंज में रहने वाले ब्रजेश कुमार के लिए काम करते थे और उसके कहने पर नशे का सुई की आपूर्ति करते थे. आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने पटना सिटी के आलमगंज स्थित ब्रजेश कुमार के किराए के मकान में छापा मारा. वहां से 700 नशे की सुई और 4 लाख 38 हजार 218 रुपये बरामद किए. ब्रजेश से पूछताछ में पता चला कि भारी संख्या में नशे का सामान कंकड़बाग की पीसी कॉलोनी स्थित गोदाम में रखा हुआ है.

पुलिस ने गोदाम से 14,909 नशे की सुई तथा 76,380 नींद की गोलियां बरामद करने के साथ ही गोदाम मालिक राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया. आरोपितों के पास दवा बेचने का किसी तरह का कोई लाइसेंस नहीं है. राहुल बिना लाइसेंस अवैध रूप से गोदाम चला रहा था. बरामद इंजेक्शन और दवाएं बिना लाइसेंस रखना और डॉक्टर के परामर्श के बगैर बेचना अवैध है. फिर भी दिल्ली से इसे मंगाकर स्टॉक किया गया और मांग के अनुसार उसकी आपूर्ति की जा रही थी.

![]()

