
CHHAPRA DESK – बीते 22 दिसंबर को शहर के प्रसिद्ध बाबा धर्मनाथ धनी मंदिर से चोरी के बाद वहां स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा सूनी-सूनी सी लग रही थी. एक पखवाड़ा बीतने के बाद भी चोरी का आभूषण बरामद नहीं हो पाया और यही बात शहर की समाजसेविका कविता सिंह को खटक रही थी. जिसके बाद उन्होंने यह निर्णय लिया कि मां का सिंगार जरूर सजेगा और उन्होंने पांच थान गहना मां दुर्गा के लिए उस मंदिर की पुजारिन को भेंट किया. तदुपरांत उन्होंने कहा कि आभूषण के बिना मां का सिंगार सूना-सूना लग रहा था और उन्होंने तय कर लिया कि उनसे जितना बनेगा वह जरूर करेंगी.

जिसके बाद उन्होंने मां के चरणों में सोने का मंगलसूत्र, मांगटीका, कान का टॉप्स, बिंदिया एवं नथिया अर्पित किया है. उन्होंने कहा कि मातारानी की असीम अनुकंपा से ही सब कुछ संभव हुआ है. मां के दिए गए आशीर्वाद में से ही उनके द्वारा मातारानी के श्री चरणों में एक छोटा सा अंश अर्पित किया गया है. बता दें कि कविता सिंह छपरा सदर अस्पताल के पूर्व अस्पताल उपाधीक्षक सह भगवान बाजार निवासी डॉक्टर एसडी सिंह की धर्मपत्नी हैं और महिलाओं की सहायता व उनके उत्थान के लिए लगातार प्रयासरत हैं.

![]()

