
CHHAPRA DESK – छपरा शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मेथवलिया स्थित फ्लिपकार्ट ऑफिस में डकैती की योजना बना रहे अपराधियों के मंसूबे को पुलिस ने नाकाम कर दिया है. एसपी डॉ कुमार आशीष ने इस संदर्भ में प्रेस वार्ता कर बताया कि मेथवलिया में फ्लिपकार्ट के ऑफिस में सुनियोजित तरीके से लूटपाट व डकैती को अंजाम देने हेतु कुछ अपराधियों द्वारा रेकी की जा रही थी. गड़खा थाना की पुलिस को इसकी जानकारी मिली थी. जिसके बाद पुलिस उपाधीक्षक सह गड़खा थानाध्यक्ष ईशा गुप्ता के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गयी. जिसके बाद पांच अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया.

इनसे पूछताछ के क्रम में पता चला कि यह सभी लोग डकैती की योजना बना रहे थे. इनके पास से हथियार व कारतूस भी बरामद हुआ है. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी राजन कुमार राय, अविनाश कुमार, पंकज कुमार व विकास कुमार गड़खा थाना क्षेत्र के कसीना निवासी हैं. जबकि एक अन्य अपराधी अजय कुमार नगर थाना क्षेत्र के हवाई अड्डा के पास का रहने वाला है. इनके पास से एक पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, एक देसी कट्टा, दो चाकू मोबाइल व एक आल्टो कार भी बरामद हुआ है. एसपी ने बताया कि सोनपुर में हुई बैंक लूट कांड की घटना के बाद से ही सभी थाना क्षेत्र की पुलिस को अलर्ट किया गया है.

जिसके बाद से संवेदनशील इलाकों की निगरानी लगातार करायी जा रही है. इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मेथवलिया में फ्लिपकार्ट की एजेंसी में जाकर कुछ अपराधी लूट की घटना को अंजाम देने वाले हैं. जिसके बाद से टीम गठित कर कार्रवाई की गयी. इस टीम में गड़खा थानाध्यक्ष के साथ अपर थाना अध्यक्ष शशि रंजन, पुअनि अमान अशरफ, मंटू कुमार, राजीव कुमार, विक्रांत कुमार, राहुल त्रिपाठी, विकास कुमार, सशस्त्र बल के सिपाही रवि राजेश, कुंदन पाल आदि शामिल थे.

![]()

