
CHHAPRA DESK – डेरनी थाना क्षेत्र अंतर्गत दिघवारा-भेल्दी पथ के सुतीहार चौक स्थित एसबीआई के एटीएम को गैस कटर से काटकर लगभग 25 लाख रुपये की बड़ी चोरी की घटना को चोरों ने अंजाम दिया है. घटना बीती मध्य रात्रि करीब दो से तीन बजे के बीच की बताई जा रही है. इस दुस्साहसिक कृत्य से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम करीब तीन बजे एटीएम में 16 लाख रुपये डाले गए थे, जबकि पूर्व से 8 लाख 36 हजार 800 रुपये मशीन में उपलब्ध थे. इस प्रकार कुल राशि 24 लाख 36 हजार 800 रुपये एटीएम में थी. हालांकि, घटना से पूर्व कितनी निकासी हुई, इसका अंतिम आंकड़ा बैंक के मिलान के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.

प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लगभग 25 लाख रुपये की चोरी की आशंका जताई जा रही है. सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर जब क्षतिग्रस्त एटीएम पर पड़ी तो घटना की जानकारी आग की तरह फैल गई. मशीन का अगला हिस्सा गैस कटर से काटा गया था और कैश बॉक्स पूरी तरह खाली कर दिया गया था. स्थानीय लोगों में यह भी चर्चा है कि ड्यूटी पर तैनात चौकीदार शौच के लिए गया हुआ था, उसी दौरान अपराधियों ने मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दे दिया.

हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा में संभावित चूक को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं. सूचना मिलते ही डेरनी थाना अध्यक्ष प्रीति कुमारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और मामले की तहकीकात शुरू की. घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी निलेश कुमार, सारण एसएसपी विनीत कुमार, ग्रामीण एसपी संजय कुमार सिंह, सोनपुर अनुमंडल पदाधिकारी प्रीतीश कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और बारीकी से जांच-पड़ताल की.

![]()

