CHHAPRA DESK – सारण जिले के मढौरा थाना अंतर्गत जगदीशपुर गांव स्थित एक घर में शादी समारोह की तैयारी चल रही थी. अंदर लड़की का चुमावन (शादी से पहले की रस्म) हो रहा था. 9 दिसंबर को बरात आने वाली थी. जिसको लेकर घर के बाहर साफ-सफाई और टेंट व शामियाना का काम चल रहा था. तभी टेंट लगाये जाने को लेकर विवाद में पड़ोस के दो युवकों ने फायरिंग करना शुरू कर दिया. जिसके कारण गोली लगने से एक महिला की मौत हो गई. वही शादी समारोह में शामिल होने आई एक युवती के हाथ में भी गोली लगी है.

घटना मढौरा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव निवासी स्वर्गीय राम इकबाल सिंह के घर के बाहर की है. जहां गोली लगने से उनकी 80 वर्षीय पत्नी कलावती देवी की मौत हुई है. आनन-फानन में गोली लगने से जख्मी महिला और युवती को वे लोग छपरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक के द्वारा कलावती देवी को मृत घोषित कर दिया गया. वहीं उनकी नतनी रोली कुमारी उर्फ लवली का उपचार किया गया. उसके हाथ के पंजे में गोली चीरती हुई निकली है. इस घटना के बाद घर में शादी समारोह के दौरान बजने वाला गीत-मांगुर चीख-चित्कार में बदल गया.

जमीन के हिस्से पर टेंट लगाने को लेकर चली गोली
बताते चलें कि शादी समारोह को लेकर घर के अंदर लड़की का चुमावन हो रहा था तो बाहर साफ-सफाई और टेंट-शामियाना का काम चल रहा था. बताते चले कि घर के अधिकांश लोग घर से बाहर ही रहते हैं. शादी समारोह में सभी लोग एकत्रित हुए थे. इस बात की जानकारी देते हुए तेरस सिंह ने बताया कि कल ही वह लोग तिलक चढाकर लौटे थे और आज घर में लड़की का चुमावन हो रहा था. घर के बाहर दरवाजे पर टेंट-शामियाना लगाया जा रहा था.

उसी बीच उसी गांव का शिक्षक जितेंद्र सिंह और उनका भाई पप्पू सिंह वहां पहुंचे और बोले की जमीन पर टेंट नहीं लगेगा. क्योंकि, यह उनकी जमीन उनका है. तब तेरस सिंह ने बताया कि इस जमीन में उनका भी हिस्सा है. इसी बात में विवाद बढा और जितेंद्र सिंह और उसके भाई के द्वारा फायरिंग की जाने लगी. तेरस सिंह ने बताया कि जितेंद्र द्वारा चलाई गई गोली से कलावती देवी की मौत हुई है. जबकि पप्पू सिंह के द्वारा चलाई गई गोली रोली कुमारी के पंजे को चीरती हुई निकली है. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में में जुटी हुई है.

![]()

