
VARANASI DESK – वाराणसी मंडल रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा हेतु गाड़ी सं 15231/15232 गोंदिया-बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस एवं गाड़ी सं-15083/15084 छपरा-फर्रुखाबाद- छपरा उत्सर्ग एक्सप्रेस का फेफना रेलवे स्टेशन पर ठहराव प्रदान किया गया है. जिसका शुभारम्भ आज लोकसभा सांसद सनातन पाण्डेय, सांसद राज्यसभा नीरज शेखर एवं फेफना विधायक संग्राम सिंह यादव द्वारा गाड़ी सं 15231 बरौनी – गोंदिया एक्सप्रेस को 16:35 बजे हरी झण्डी दिखाकर फेफना से रवाना किया. इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक अशोक कुमार वर्मा, मंडल वाणिज्य प्रबंधक रमेश पाण्डेय तथा समानित जनप्रतिनिधि गण समेत भारी संख्या में कक्षेत्रीय जनता उपस्थित रहे.

इस अवसर पर फेफना स्टेशन पर आयोजित समारोह में सांसद राज्य सभा नीरज शेखर ने सर्वप्रथम रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित रेल प्रशासन के प्रति आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद दिया और जिनके द्वारा क्षेत्रीय जनता की मांग के अनुरूप उक्त गाड़ियों को फेफना स्टेशन पर ठहराव प्रदान किया गया है. इसके साथ ही उन्होंने बलिया और आस-पास के क्षेत्रीय विकास के लिए लोकसभा सांसद सनातन पांडेय एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को एक जुट रहकर कार्य करने की आवश्यकता बल दिया.

इसके पूर्व सांसद लोकसभा श्री पाण्डेय ने सभी जन प्रतिनिधियों रेल प्रशासन एवं प्रेस एवं मीडिया को स्वागत करते हुए कहा कि फेफना रेलवे स्टेशन पूर्वांचल क्षेत्र का एक प्रमुख स्टेशन है, जो बलिया जनपद सहित आसपास के ग्रामीण एवं उप नगरीय क्षेत्रों की बड़ी आबादी को रेल सुविधा प्रदान करता है. इस क्षेत्र से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, किसान, व्यापारी, कर्मचारी एवं मरीज वाराणसी, प्रयागराज एवं अन्य महानगरो की यात्रा करते है. उन्होंने रेल प्रशासन को फेफना जंक्शन पर दो एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव दिए जाने पर धन्यावद ज्ञापित किया. इसके पूर्व विधायक संग्राम सिंह यादव ने फेफना जंक्शन पर यात्रियों की चहल पहल बहाल करने के लिए रेल प्रशासन को धन्यवाद दिया और शीघ्र ही फेफना जंक्शन और भी ज्यादा विकसित किये जाने की बात कही.

इसके पूर्व अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री वर्मा ने इस समारोह में पधारे अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि स्थानीय यात्रियों की मांग एवं सांसद बलिया लोकसभा श्री पांडेय, सांसद राज्यसभा नीरज शेखर एवं विधायक फेफना सुधाकर सिंह यादव के प्रयास के कारण रेल प्रशासन ने गाड़ी सं 15231/15232 गोंदिया-बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस एवं गाड़ी सं-15083/15084 छपरा-फर्रुखाबाद- छपरा उत्सर्ग एक्सप्रेस के फेफना रेलवे स्टेशन पर ठहराव प्रदान किया गया है.

16 जनवरी,2026 से फेफना रेलवे स्टेशन पर गाड़ी सं- 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस गाड़ी 16:33 बजे पहुंचकर दो मिनट का ठहराव लेकर 16:35 बजे गोंदिया के लिए प्रस्थान करेगी. जबकि गाड़ी सं- 15232 गोंदिया- बरौनी एक्सप्रेस गाड़ी फेफना स्टेशन पर 23:41 बजे पहुंचकर दो मिनट का ठहराव लेकर 23:43 बजे बरौनी के लिए प्रस्थान करेगी. इसी प्रकार गाड़ी सं-15083 छपरा-फर्रुखाबाद उत्सर्ग एक्सप्रेस फेफना स्टेशन पर 19:49 बजे पहुंचकर दो मिनट का ठहराव लेकर 19:51 बजे फर्रुखाबाद के लिए प्रस्थान करेगी, वापसी यात्रा में गाड़ी सं-15084 फर्रुखाबाद- छपरा उत्सर्ग एक्सप्रेस फेफना स्टेशन पर 05:42 बजे पहुंचकर दो मिनट का ठहराव लेकर 05:44 बजे छपरा के लिए प्रस्थान करेगी.

उक्त गाड़ियों के ठहराव से फेफना समेत आस-पास की जनता को रसड़ा, इंदारा, मऊ, आजमगढ़, शाहगंज, अयोध्या, बाराबंकी, लखनऊ, कानपूर, कन्नौज, फर्रुखाबाद, जौनपुर, वाराणसी, विंध्याचल, प्रयागराज छिवकी, सतना, मैहर, रायपुर, गोंदिया, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर एवं बरौनी तक सीधी यात्रा का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और यात्रियों को बहुत सुविधा होगी.

![]()

