CHHAPRA DESK – सारण जिला के बनियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिठौरी गांव में हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में घुस हथियार के बल पर घरवालों को बंधक बनाकर करीब 40 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकद लूट की घटना को अंजाम दिया है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. घटना बीती देर रात्रि की बतलाई गई है. इस घटना के बाद पीड़ित परिवार जहां सदमे में है, वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की देर रात करीब आधा दर्जन अपराधी पूर्व बीडीसी गोविंदा सिंह के घर में सामने के रास्ते से अंदर घुस गये. सभी के हाथों में हथियार थे. उस समय घर की महिलाएं आग ताप रही थी तथा पुरुष मोबाइल देख रहे थे.

जब तक कोई कुछ समझ पाता तब तक अपराधियों ने सबसे पहले घर के मुखिया और उनके परिजनों को डराकर एक कमरे में बंधक बना लिया. जिसके बाद उन लोगों ने सभी का मोबाइल भी उनके हाथ से ले लिया. वहीं अलमारी, बक्से और अन्य स्थानों में रखे सोने-चांदी के 40 लाख के जेवरात व खेत खरीदने के लिए रखे 3 लाख नकद लूट लिया. अपराधियों ने करीब एक घंटे तक घर में रखे एक-एक समान को निकाला और कीमती सामान बटोरते रहे. इस मामले में पीड़ित परिवार के अनुसार मोबाइल छीनने से पूर्व ही 112 को कॉल किया गया था,

लेकिन व्यस्त होने के कारण कॉल नहीं लगा था. तब तक अपराधियों के द्वारा परिवार के चार महिला तथा दो पुरुष को हथियार के बल पर कब्जे में कर दूसरे रुम में कैद कर दिया गया. विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई. वही इस मामले में लूट की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी आसानी से फरार हो गए. जिसके बाद दोनों के द्वारा शोर मचाया गया और सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरू कर दी है.

जांच के लिए पहुंची एफएसएल टीम
सूचना के बाद मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने उक्त घर का निरीक्षण कर वहां से कई सैंपल कलेक्ट किए, जिसे जांच के लिए लैब भेजा गया है. वही एसएसपी डॉक्टर कुमार आशीष भी जांच के लिए घटना स्थल पहुंचे जहां उन्होंने मामले का शीध्र उद्भेदन का आश्वासन दिया है.

![]()
