होली में डीजे बजाने पर होगी कार्रवाई ; अश्लील संगीत बजा तो होगी एफआईआर : डीएम

होली में डीजे बजाने पर होगी कार्रवाई ; अश्लील संगीत बजा तो होगी एफआईआर : डीएम

CHHAPRA DESK –  होली के पर्व पर डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है. वहीं अगर अश्लील और द्विअर्थी गीत बजा तो एफआईआर भी हो सकती है. इसलिए होली को हुड़दंग के साथ नहीं सामाजिक सौहार्द के साथ मनाएं नहीं तो कार्रवाई तय है. उक्त बातें सारण जिला अधिकारी वैभव श्रीवास्तव के द्वारा पदाधिकारी के साथ बैठक के दौरान कही गई. उन्होंने आज समाहरणालय सभागार में विधि व्यवस्था को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि डीजे परिचालन पर रोक को लेकर डीजे संचालकों के साथ बैठक कर इस आशय की उन्हें दें जानकारी,

इसका सख्ती से अनुपालन करावें. साथ ही अश्लील संगीत बजाने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया. बता दें कि किसी भी सार्वजनिक जुलूस के लिये लाइसेन्स अनिवार्य किया गया है. वहीं होली के अवसर पर विगत दृष्टांत के आधार पर विधि व्यवस्था के दृष्टिकोण से संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर रिपोर्ट भेजने को कहा गया है ताकि वहां निगरानी की जा सके. वहीं मद्य निषेध का सख्ती से अनुपालन करने, प्रभावी आसूचना संकलन के आधार पर त्वरित एवं कारगर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. इसके लिए सभी स्थलों पर स्थानीय शान्ति समिति की बैठक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

होली के दौरान असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा उपयुक्त मामलों में सीसीए के अंतर्गत कार्रवाई का प्रस्ताव देने को कहा गया. इसके साथ ही सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी करने, किसी भी तरह के आपत्तिजनक एवं अफवाहजनक सूचना पोस्ट/साझा करने वाले के विरूद्ध त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अपर समाहर्त्ता, अपर समाहर्त्ता विधि व्यवस्था, नगर आयुक्त, सिविल सर्जन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा थाना प्रभारी जुड़े थे.

Loading

81
E-paper प्रशासन ब्रेकिंग न्यूज़