CHHAPRA DESK – सारण जिला पुलिस ने चोरों के एक बड़े नेटवर्क गिरोह का खुलासा किया है, जो कि अंतर जिला गिरोह से ताल्लुक रखते हैं और इन्हें 12 जिलों की पुलिस ढूंढ रही थी. प्रेस वार्ता के दौरान इस बात की जानकारी देते हुए ग्रामीण एसपी संजय कुमार ने बताया कि चोरों के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया गया है. जिससे सारण में घटित दो चोरी की घटनाओं का सफल उद्भेदन किया गया है. उन्होंने बताया कि बीते दिन गड़खा थाना क्षेत्र अंतर्गत जसोसती पोखरा के पीछे, मुबारकपुर जाने वाली सड़क स्थित एक गोदाम में ताला तोड़कर चोरी की घटना हुई थी, जिसमें पीड़िता द्वारा बताया गया कि उक्त गोदाम को उन्होंने किराये पर लेकर उसमें चिउरा मिल से संबंधित माल संग्रहित किया था.

अज्ञात चोरों द्वारा गोदाम का ताला तोड़कर ट्रक के माध्यम से बड़ी मात्रा में अनाज की चोरी कर ली गई. इस संबंध में वादी के लिखित आवेदन के आधार पर गरखा थाना कांड संख्या-951/25 दर्ज किया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष गरखा द्वारा टीम का गठन कर तकनीकी अनुसंधान किया गया. सीडीआर विश्लेषण से यह स्पष्ट हुआ कि एक संगठित गिरोह द्वारा विगत 02 माह में विभिन्न जिलों के 12 थाना क्षेत्रों में इसी प्रकार की चोरी की घटनाएं की गई हैं. वही सोनपुर थाना क्षेत्र से भी उनके द्वारा ट्रक से काफी सरिया चोरी किया गया था.

अनुसंधान के क्रम में गिरोह के चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी निशानदेही पर चोरी किया गया सामान बरामद किया गया है. पूछताछ के क्रम में सोनपुर थाना क्षेत्र में स्टील बार चोरी की घटना भी इसी गिरोह द्वारा की गई थी. गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ एवं अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है. एसपी ने बताया कि उनके खिलाफ सारण, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण सहित अन्य जिलों में चोरी के दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनकी गिरफ्तारी एक बड़ी सफलता के रूप में देखी जा रही है, जो कि ट्रक से चोरी की घटना को अंजाम देते रहे हैं.

मुजफ्फरपुर के रहने वाले हैं चारों शातिर चोर
गिरफ्तार सभी अपराधी मुजफ्फरपुर जिला के रहने वाले बताए गए हैं, जिनमें मुजफ्फरपुर जिला के पारुल थाना क्षेत्र अंतर्गत जाफरपुर गांव निवासी सानू कुमार चौधरी, देवरिया थाना क्षेत्र के माधोपुर बुजुर्ग गांव निवासी सबरेश कुमार, अनिल राय एवं पारु थाना क्षेत्र के दाउदपुर गांव निवासी राजन कुमार सिंह शामिल हैं.

इन सामानों की हुई है बरामदगी
गिरफ्तार किए गए सभी शातिर चोरों के पास से चना-930 कि0ग्रा0, चना दाल-4500 कि0ग्रा0, मटर दाल-1170 कि0ग्रा0 एवं सोनपुर से चोरी चोरी किया गया सरिया 7.2 टन बरामद किया गया है.

![]()

