
CHHAPRA DESK – सारण जिला अंतर्गत मांझी प्रखंड से एक अति उत्साह की घटना सामने आई है, जहां परीक्षा समाप्ति के बाद परीक्षार्थियों ने एडमिट कार्ड लहराते हुए बीच सड़क पर करीब एक घंटे तक जमकर जश्न मनाया. उस दौरान जा रहा एक डीजे भी उनके बीच सड़क पर फंस गया और फिर डीजे की धुन पर परीक्षार्थी एडमिट कार्ड लहराते हुए बीच सड़क पर नाचते-गाते रहे. बताया जा रहा है कि मांझी स्थित दलन सिंह हाई स्कूल में चल रही इंटरमीडिएट की परीक्षा की समाप्ति पर आज परीक्षार्थियों ने बाहर निकलकर सड़क पर जमकर जश्न मनाया. जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है.

पहली पाली में परीक्षा खत्म होने के बाद बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा केंद्र से बाहर निकलकर सड़क पर आ गए. उसी दौरान वहां से गुजर रहा एक डीजे वाहन छात्रों के बीच फंस गया. जिसके बाद परीक्षार्थियों ने डीजे को घेर लिया और डीजे की धुन पर नाचने लगे. फिर देखते ही देखते सड़क पर भीड़ बढ़ गई. जिससे करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा. जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. डीजे संचालक ने वाहन निकालने की कोशिश की, लेकिन छात्रों के आगे उसकी एक नहीं चली. बाद में स्थानीय लोगों के समझाने और भीड़ कम होने पर स्थिति सामान्य हुई और यातायात धीरे-धीरे बहाल हो सका.

![]()

