CHHAPRA DESK – सारण जिला के परसा थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां जानवरों से खेत को बचाने के लिए लगाए गए धारा प्रवाहित नंगे बिजली तार की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई है. मृत महिला जिले के परसा थाना क्षेत्र के पोखरपुर गांव निवासी हरेंद्र सिंह की 36 वर्षीय पत्नी मिंकी कुमारी बताई गई है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मिंकी देवी शौच करने के लिए खेत की तरफ गई थी, जहां खेत में घोड़परास से फसल की रक्षा के लिए किसान के द्वारा नंगा बिजली का तार फैलाया गया था. जिसकी चपेट में आने से खेत में ही गिरकर उस महिला की मौत हो गई. जिसके बाद किसान ने उस महिला को उठाकर उसके घर के दरवाजे के बाहर रख दिया.

इस घटना के बाद परिवार वालों में रोना-पीटना लग गया. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल प्रारंभ की तो पाया गया कि महिला का चप्पल खेत में ही पड़ा हुआ था. जहां, धारा प्रवाहित नंगे बिजली तार की चपेट में आने से उसकी मौत हुई थी. इस मामले में पीड़ित परिवार के द्वारा किसान के खिलाफ प्राथमिकी के लिए परसा थाना में आवेदन दिया गया है. वह इस मामले में अग्रेतर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया है.

![]()

