CHHAPRA DESK – सूबे के मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने विभिन्न कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उनके द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को दिशा निर्देश भी दिया गया. निरीक्षण के क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी सदर, कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल छपरा, अंचलाधिकारी सदर छपरा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.

खैरा-बिनटोलिया रोड
लगभग 40.53 करोड़ रुपये की लागत से 7.34 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण कराया जा रहा है. इस योजना के तहत 4 लेन छपरा बाईपास से रेलवे स्टेशन के तरफ की सड़क 10 मीटर चौड़ी तथा बाईपास से खैरा के तरफ की सड़क 7 मीटर चौड़ी होगी. जिलाधिकारी ने पूरे स्ट्रेच का निरीक्षण किया. बाईपास से दक्षिण तरफ के सड़क के एक भाग का कालीकरण हुआ है, शेष भाग में भू-अर्जन की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया गया. बाईपास से उत्तर खैरा की तरफ के सड़क के चौड़ीकरण के लिए मिट्टी का काम किया गया है. इस स्ट्रेच में लगभग 1 किलोमीटर भाग में भू-अर्जन की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया गया। इस भाग में तेजी से सड़क के कालीकरण का निर्देश दिया गया. संपूर्ण प्रोजेक्ट को जून 2026 माह तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है इस टाइम लाइन का अनुपालन सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया.

एन एच 19 का छूटा भाग (ब्रह्मपुर से विसुनपुरा तक
इस परियोजना के तहत वर्त्तमान सड़क की चौड़ाई को 7 मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर किया जायेगा. लगभग 13.40 किलोमीटर लंबाई की इस सड़क का सुदृढ़ीकरण कार्य लगभग 89 करोड़ रुपये की लागत से कराया जायेगा। इस परियोजना के लिए निविदा निकाली गई है जो प्रक्रियाधीन है. निविदा के निष्पादन के उपरांत कार्य शीघ्र शुरू कराया जायेगा.

![]()

