BHOJPUR DESK – बिहार के भोजपुर जिला के नवादा थाना क्षेत्र के कतीरा मोड़ स्थित एक्सिस बैंक की शाखा में बुधवार को अपराधियों द्वारा लूटपाट की सूचना मिलने पर एसपी टीम सहित मौके पर पहुंच गए और एक्शन मोड में बैंक को सामने से घेर लिया. अपराधियों से मुठभेड़ की आशंका को देखते हुए बुलेट प्रूफ जैकेट मंगा कर सभी लोग एक्शन ले लिए. लेकिन, कुछ समय बीतने के बाद पता चला कि लुटेरे वारदात को अंजाम देने के बाद पिछले दरवाजे से फरार हो चुके हैं और वह भी महज 4 मिनट में 16 लाख रुपए लूटकर. प्राप्त जानकारी के अनुसार लुटेरे कैश काउंटर से 16 लाख रुपये लूटकर बैंक में ताला लगाकर भाग निकले. अपराधी ग्राहक बनकर बैंक में घुसे थे और कैशियर को पिस्टल दिखाकर धमकाया था. वारदात के वक्त बैंक में मैनेजर असहर काजी समेत 14 स्टाफ कर्मी मौजूद थे. एसपी प्रमोद यादव ने बैंक के अंदर जाकर मैनेजर व अन्य कर्मियों से पूछताछ की.

बैंक कर्मियों ने पुलिस को दी सूचना
बैंक कर्मियों ने थोड़ी देर बाद पुलिस को फोन से सूचना दी कि अपराधी बैंक के अंदर हैं. इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बैंक की घेराबंदी कर ली. बदमाशों के अंदर होने और फायरिंग की आशंका पर बुलेट प्रूफ जैकेट भी मंगा ली गईं. हालांकि, इस कन्फ्यूजन के बीच बदमाश पहले ही फरार हो चुके थे. बैंक को घेरने के बाद पुलिस कर्मी अंदर गए तब जाकर बैंक कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. बैंक की सीसीटीवी फुटेज चेक करने का पता चला कि अपराधियों ने बैंक कर्मियों को एक रूम में बंद कर दिया था और साढ़े 16 लाख रुपये लूटकर फरार हुए हैं.

4 मिनट में लूटे 16 लाख रुपये
लूटेरे इतने शातिर थे कि महज चार मिनट में करीब 16 लाख रुपये लूट लिए और आराम से फरार हो गए. इस दौरान बैंक मैनेजर समेत अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की. बताया जा रहा है कि अपराधी करीब पांच की संख्या में थे. बताया गया है कि अपराधियों की उम्र करीब 20 से 21 वर्ष के आसपास थी. भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार यादव और एएसपी चन्द्र प्रकाश ने बैंक पहुंचकर पूरे मामले की जांच की है. अपराधियों में से एक ने नकाब लगाया हुआ था. एसपी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पांच अपराधी हथियार के साथ घुसे थे और बैंक कर्मियों को एक रूम में बंद कर दिया था. फिर काउंटर पर रखे करीब 16 लाख रुपये लेकर फरार हो गए थे.

![]()

