
CHHAPRA DESK – इस वक्त की बड़ी खबर सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र से सामने आ रही है, जहां मामूली विवाद को लेकर एक व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई. हालांकि जख्मी हालत में उसे मढ़ौरा अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक वीरेश कुमार के द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया. मामला मढ़ौरा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर असोइयां गांव का है. मृत व्यक्ति स्थानीय थाना क्षेत्र के असोइयां गांव निवासी 65 वर्षीय अशर्फी राय बताये गये हैं. मिली जानकारी के अनुसार आशर्फी राय गांव के ही कस्बा बाजार पर आज देर संध्या चाय पीने के लिए गए थे. चाय की दुकान पर दो तीन लोग पहले से मौजूद थे. उसी दौरान बातचीत में आरोपी से वृद्ध की कहासुनी हो गई थी. कहासुनी के दौरान आरोपी ने चाकू निकाल कर वृद्ध के सीने में घोप दिया और मौके से फरार हो गया. खून से लथपथ वृद्ध वहीं गिर गए.

शरीर से खून निकलता देख आसपास के लोग जमा हुए और आनन-फानन में जख्मी को लेकर मढ़ौरा सरकारी अस्पताल पहुंचे. तब तक अधिक खून निकलने के कारण वृद्ध की मौत हो चुकी थी. इस घटना की जानकारी के बाद परिजनों में मातम छा गया. सूचना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रो कर हाल बेहाल हो गया. इस घटना को लेकर गांव में थोड़ा तनाव भी बना हुआ है. इस घटना की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तनाव को कम करने के प्रयास में जुट गई. एहतियात के तौर पर मढ़ौरा सहित अन्य थाना की पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंची. समाचार प्रेषण तक इस मामले में प्राथमिकी की प्रक्रिया जारी थी. वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.

![]()

