
CHHAPRA DESK – छपरा जंक्शन पर मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई. आरपीएफ के सीनियर कमांडेंट एस रामकृष्णन के निर्देश पर आरपीएफ, सीआईबी तथा एसोसिएशन फॉर वालंट्री एक्शन की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन आहट के तहत गाड़ी संख्या अप 12407 कर्मभूमि एक्सप्रेस से तीन मानव तस्करों को गिरफ्तार किया. वहीं उनकी निशानदेही पर बाल मजदूरी के लिए ले जाए जा रहे आठ नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया. वही इस संबंध में सीआईबी इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा एवं आरपीएफ प्रभारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि कर्मभूमि एक्सप्रेस के माध्यम से कुछ नाबालिग बच्चों को बाल मजदूरी के लिए पंजाब ले जाया जा रहा है.

वही इसी क्रम मे छपरा जंक्शन पर ट्रेन के पहुंचते ही संयुक्त टीम द्वारा सघन जांच की गई. वही जांच के दौरान ट्रेन में मौजूद कुल आठ नाबालिग बच्चों तथा उन्हें जालंधर (पंजाब) ले जा रहे तीन मानव तस्करों को चिन्हित किया गया. इसके बाद सभी को ट्रेन से उतारकर पूछताछ की गई. पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि बच्चों को मजदूरी कराने के उद्देश्य से पंजाब ले जाया जा रहा था. सभी नाबालिग बच्चे तथा गिरफ्तार तस्कर कटिहार और पूर्णिया जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं.

वही मामले की पुष्टि होने के बाद मौके पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए तीनों तस्करों एवं नाबालिग बच्चों को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना को सुपुर्द कर दिया गया. इस दौरान सीआईबी के एएसआई बृजसुंदर, कांस्टेबल दिलीप कुमार, आरपीएफ के एसआई विशाल, मंसूर अहमद, वकील प्रसाद, मनीष कुमार वर्मा एवं शिवपूजन कुमार के साथ-साथ एसोसिएशन फॉर वालंट्री एक्शन के परियोजना अधिकारी व अन्य कर्मी मौजूद रहे. वहीं इस मामले की जांच की जिम्मेदारी जीआरपी की उप निरीक्षक नंदनी कुमारी को सौंपी गई है.

![]()

