CHHAPRA DESK – सारण जिले में कुकुरमुत्ता की तरह आए फर्जी नर्सिंग होम के कारण आए दिन मरीजों की जाने जा रही हैं. ताजा मामला छपरा शहर के भगवान बाजार थाना अंतर्गत मालखाना चौक स्थित मारुति नंदन सेवा सदन से सामने आया है. जहां देर रात्रि प्रसव के उपरांत एक महिला की मौत हो गई. जिसके बाद परिवार वालों ने सेवा सदन के कथित चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हो-हंगामा करना शुरू कर दिया. सूचना के बाद भगवान बाजार थाना अध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह, अपर थाना अध्यक्ष सुधीर कुमार दलबल के साथ वहां पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझने-बुझाने का प्रयास शुरू किया. हालांकि समाचार प्रेषण तक उस सेवा सदन पर आक्रोशित परिजनों का रोना-पीटना और हो-हंगामा जारी था.

मृत महिला छपरा शहर के मुफस्सिल थाना अंतर्गत माला गांव निवासी दीपक कुमार चौधरी की 26 वर्षीय पत्नी शकुंतला देवी बताई गई है. इस घटना के संबंध में मृत महिला के पति दीपक चौधरी ने बताया कि उन लोगों के द्वारा मारुति सेवा सदन में 9 महीने से अपनी पत्नी का इलाज करवाया जा रहा था. आज संध्या उसका प्रसव कराया गया और उनकी पत्नी ने एक बच्ची को जन्म दिया. जिसके उपरांत उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और नर्सिंग होम में उसे एक इंजेक्शन लगाया गया जिसके बाद वह शांत पर गई. तब नर्सिंग होम के चिकित्सकों के द्वारा बोला गया कि इसे पटना ले जाइए,लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी.

जबकि नर्सिंग होम संचालक उन लोगों को पटना भेजने के लिए बेचैन हो गया लेकिन जब उन लोगों ने पाया कि उसकी मौत हो चुकी है तो सेवा सदन में चीख-पुकार मच गई. देखते ही देखते परिजन आक्रोशित हो गए और हंगामा शुरू कर दिया. वही इसकी सूचना के बाद भगवान बाजार थाना अध्यक्ष दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया, नहीं तो सेवा सदन में जमकर तोड़फोड़ हो जाती. हालांकि समाचार प्रेषण तक इस मामले में प्राथमिकी की प्रक्रिया चल रही थी. वहीं परिजनों का हो-हंगामा जारी था.

![]()

