
PATNA DESK – पटना के परसा बाजार पुलिस ने प्रेम-प्रसंग में युवक को गोली मारने के मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जिनके पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा, कारतूस और घटना में इस्तेमाल 2 बाइक बरामद किया है. इस बात की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी मेनका रानी ने बताया कि प्रेम-प्रसंग को लेकर गोलीबारी की घटना हुई थी. एक युवक को गोली लगी थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम का गठन किया गया था. टीम ने छापेमारी 3 आरोपी सिंटू कुमार उर्फ छोटू, आकाश कुमार और गुड्डू कुमार को गिरफ्तार कर लिया. जिनमें आकाश कुमार का क्रिमिनल रिकॉर्ड रहा है. लूटकांड मामले में काफी दिनों से पुलिस को तलाश थी.

बता दें कि जिले के परसा बाजार थाना क्षेत्र के सुईथा गांव में गुरुवार को युवक ने अपनी प्रेमिका के चचेरे भाई को गोली मार दी थी. गोली कंधे पर लगी थी. पीड़ित अपने घर के बाहर बैठा था. उस दौरान बहन का प्रेमी 6 लोगों के साथ बाइक से पहुंचा और उसे गोली मार दी. वारदात के बाद हथियार लहराते हुए सभी मौके से फरार हो गए. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बाइक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

2 बार लड़की घर से भाग चुकी है
मुख्य आरोपी का अफेयर घायल युवक की चचेरी बहन से है. दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं. 2 बार लड़की को लेकर घर से भाग चुका है. पहली बार 2022 में लेकर भागा था. उस संबंध में FIR भी दर्ज हुआ था. घटना के समय लड़की नाबालिग थी. उसने कोर्ट में अपने मर्जी से जाने की बात कही थी. जिसके बाद मामला शांत हो गया था. फिर 2 अगस्त 2024 को दोनों घर से भाग गए. तब परिजनों ने परसा बाजार थाने में मामला दर्ज कराया था. जांच के दौरान प्रेमिका ने कोर्ट में बताया कि हम दोनों शादी कर चुके हैं. अब साथ ही रहेंगे. नाबालिग होने के चलते कोर्ट ने लड़की को रिमांड होम भेज दिया था. बताया जा रहा है कि लड़की के पिता बिहार पुलिस में एसआई हैं.

![]()

