प्रेमिका के घर पर फायरिंग करने वाले आशिक समेत तीन को पुलिस ने हथियार के साथ किया गिरफ्तार

प्रेमिका के घर पर फायरिंग करने वाले आशिक समेत तीन को पुलिस ने हथियार के साथ किया गिरफ्तार

GOPALGANJ DESK –  गोपालगंज जिले में सनकी प्रेमी द्वारा प्रेमिका के घर पर फायरिंग किए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर की गई. घटना बीते 11 फरवरी की देर रात हथुआ थाना क्षेत्र के रतनचक गांव स्थित नवका टोला गांव की है. बताया जाता है कि एक युवक ने अपनी प्रेमिका के घर पर फायरिंग कर दी, उस समय युवती अपने कमरे में सो रही थी. गोली घर की खिड़की की ओर चलाई गई थी. हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ. फायरिंग की सूचना मिलते ही इलाके में दहशत फैल गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया.

एसडीपीओ तथा स्थानीय थाना पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया. जांच के दौरान घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक देसी पिस्टल (कट्टा), तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा तथा घटना में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी हथुआ थाना क्षेत्र के बरवाकपरपुरा एवं मीरगंज क्षेत्र के निवासी हैं.

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है. बताया जा रहा है कि आरोपी युवक ने युवती के परिवार से बातचीत की थी, लेकिन बात नहीं बनने पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रही है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की तलाश जारी है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

Loading

67
Crime E-paper ब्रेकिंग न्यूज़