
CHHAPRA DESK – छपरा-बलिया रेल खंड के ब्रह्मपुर ढाला पर बीती रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. जानकारी के अनुसार बालू खाली कर लौट रहा एक हाईवा ट्रक ढाला पार करने के दौरान बीच ट्रैक पर ही फंस गया. घटना के समय वहां अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया, क्योंकि उसी दौरान बलिया की ओर से एक मालगाड़ी आने लगी. हालांकि उस समय सिग्नल स्पष्ट नहीं था, लेकिन लोगों को आशंका होने लगी कि ट्रेन किसी भी वक्त ट्रैक पर आ सकती है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भगवान बाजार थाना क्षेत्र निवासी मेराज खान ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय लोगों के सहयोग से फंसे ट्रक को हटाने का प्रयास शुरू किया.

ढाला पर ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवान भी मौके पर सक्रिय हो गए और सभी के संयुक्त प्रयास से ट्रक को समय रहते ट्रैक से हटाया गया. इसके बाद संभावित बड़ा हादसा टल गया और लोगों ने राहत की सांस ली. वही स्थानीय लोगों का कहना है कि ब्रह्मपुर ढाला पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है. ढाला संकरा होने और भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहने के कारण यहां इस तरह की घटनाओं की आशंका बनी रहती है. कई बार लंबा जाम लगने से आम लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ती है.

![]()

