VAISHALI DESK – बिहार के वैशाली जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां अपराधियों ने राजस्व कर्मचारी के मुंशी पर अंधाधुंध फायरिंग कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. जिसे हाजीपुर सदर अस्पताल से बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है. घटना हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग स्थित एकारा ब्रिज पर हुई है जहां बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने एक राजस्व कर्मचारी के मुंशी को गोली मारकर जख्मी कर दिया. जख्मी मुंशी को डायल 112 की पुलिस ने इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया है. जख्मी मुंशी वैशाली जिले के काजीपुर थाना क्षेत्र के अफजलपुर धोबघट्टी गांव निवासी बृजनंदन सिंह का 45 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार बताया गया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार अपराधियों ने मुंशी को आधा दर्जन से अधिक गोलियां मारी हैं. मुंशी की हालत नाजुक है. घटना का जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल से 8 खोखा बरामद किया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार मुकेश कुमार बाइक से जा रहा था. उसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने एकारा पुल पर गोलियों से छलनी कर दिया और फरार हो गया. पुलिस आरोपियों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. गोलीबारी की घटना में जख्मी मुकेश कुमार राजस्व कर्मचारी के निजी मुंशी के रूप में काम करते हैं. बाईक सवार अज्ञात अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है. पुलिस हर एंगल से घटना की जांच पड़ताल करने में जुटी है. घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भय का माहौल है. वहीं सूचना की जानकारी मिलने पर घायल मुंशी के परिजन अस्पताल पहुंच गए. घटना के विषय में काजीपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार ने बताया कि मुकेश कुमार को गोली लगी है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को पुलिस खंगाल रही है. वहीं पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है.

![]()

