
CHHAPRA DESK – रसोई गैस के पारदर्शी तरीके से वितरण और किसी भी तरह की कालाबाजारी पर नियंत्रण रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने एलपीजी आपूर्त्तिकर्त्ता कंपनियों के प्रबंधन के प्रतिनिधियों, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं मार्केटिंग ऑफिसर्स के साथ बैठक की. बैठक में कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि एलपीजी सिलिंडर के आपूर्त्ति की कोई समस्या नहीं है, इसका वितरण पारदर्शी एवं नियंत्रित तरीके से किया जा रहा है. वहीं उपभोक्ताओं को इस आशय की जानकारी देने के लिये सभी गैस एजेंसी के बाहर बैनर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं मार्केटिंग ऑफिसर्स को लगातार फील्ड में रहकर गैस वितरण पर नजर बनाये रखने का निर्देश दिया है.

वहीं सभी मार्केटिंग ऑफिसर को प्रतिदिन अपने क्षेत्रान्तर्गत के प्रत्येक गैस एजेंसी का निरीक्षण कर दैनिक प्रतिवेदन भेजने का निर्देश दिया गया है. वहीं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं थाना प्रभारी भी निरंतर नजर रखेंगे. गैस एजेंसियों द्वारा वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देशानुसार 21 दंडाधिकारियों की नियुक्ति की गई है जो प्रतिदिन के स्टॉक एवं वितरण पर नजर रखेंगें. वहीं जिला के प्रत्येक गैस एजेंसी पर गैस वितरण के दरम्यान विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिये अलग अलग 67 दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है.

इस संबंध में जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्तादेश जारी किया गया है. रसोई गैस से संबंधित किसी भी तरह की समस्या को लेकर जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या – 06152-245023 पर क्रियाशील, सुबह 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक लोग इस नंबर पर गैस से संबंधित किसी भी तरह की समस्या की जानकारी दे सकते हैं. बैठक में जिला आपूर्त्ति पदाधिकारी, HPCL, BPCL एवं IOCL कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित थे तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं मार्केटिंग ऑफिसर जुड़े रहे.

![]()

