PATNA DESK – पटना में किराए के लिए कमरा लेने का कहकर घर में घुसे 3 लोगों ने एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी. 63 साल की रंजना और उनकी बड़ी बेटी अंकिता चार तल्ले के मकान में रहती थीं. देर शाम तीन अपराधियों ने दरवाजा खटखटाया. अंकिता ने गेट खोला तो अपराधियों ने कहा कि किराए पर घर लेना है. मां-बेटी फर्स्ट फ्लोर पर रहती हैं. मां, तीनों को फ्लैट दिखाने के लिए तीसरे फ्लोर पर चली गई. बेटी पहले फ्लोर पर रह गई. उस दौरान थर्ड फ्लोर पर ही उनकी गला दबाकर हत्या कर दी गई.पाटलिपुत्र थाना के नेहरूनगर में गैस गोदाम के पास मकान नंबर 378 ए में ये हत्या हुई है. मृतकू की पहचान लखीसराय पॉलिटेक्निक कॉलेज से कुमार चंद्रशेखर की पत्नी रंजना देवी के रूप में हुई है.

उनकी बेटी अंकिता एएन कॉलेज से पीएचडी कर रही हैं. छोटी बहन मनीषा गुरुग्राम में रहती है. बड़ी बेटी अंकिता ने बताया कि तीनों घर में फ्लैट देखने का कहकर घुसे. मां उन्हें कमरा दिखाने के लिए ऊपर गई थी. थोड़ी देर बाद तीनों नीचे आए और कहा-जाओ मां बुला रही है. इतना कहते ही तीनों ने मेरा भी गला दबाने की कोशिश की. शोर मचाने के बाद तीनों भाग गए. अंकिता जब तीसरे फ्लोर पर गई तो देखा कि रंजना खून से लथपथ थी और फर्श पर पड़ी हुई थी. उनकी मौत हो चुकी थी.

पति की 6 महीने पहले हो चुकी है मौत
बता दें कि कुमार चंद्रशेखर 5 साल पहले रिटायर हुए थे। 6 माह पहले उनकी बीमारी से मौत हो गई. वे मूल रूप से जहानाबाद के बरथु के रहने वाले थे. नेहरू नगर में उनका अपना मकान है. कुमार चंद्रशेखर की औरंगाबाद के कुरमा गांव में करीब 15-20 बीघा जमीन भी है. बेटी अंकिता ने बताया कि जिस वक्त तीनों अपराधी आए उस वक्त मां, मौसी से बात कर रही थीं. तीनों में एक नाटा और काले रंग का है जबकि दो लंबे और काले रंग के थे.

इन तीनों में काले रंग का युवक पहले भी मकान के बहाने यहां आ चुका है. सूचना मिलने के बाद सिटी एसपी सेंट्रल चंद्रप्रकाश दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मौके से अपराधियों का चप्पल और गमछा जब्त किया है. सिटी एसपी ने बताया कि हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है. बेटी के बयान पर अज्ञात के खिलाफ केस किया गया है.

![]()

