
CHHAPRA DESK – सारण जिले के कोपा थाना अंतर्गत मुख्य मार्ग पर सेवानिवृत जवान सहित दो किसान की मौत हो गई. एक किसान की मौत जमा छपरा सदर अस्पताल से रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में हो गई, तो दूसरे किसान की मौत पीएमसीएच में उपचार के दौरान हुई है. मृत दोनों खेती-किसानी करते थे और कोपा थाना अंतर्गत बसडीला गांव के निवासी थे. मृत किसान की पहचान जिले के कोपा थाना क्षेत्र के बसडीला गांव निवासी पुण्यदेव तिवारी के 60 वर्षीय पुत्र ओमप्रकाश तिवारी एवं उद्धव पांडे के 75 वर्षीय पुत्र ऋषिकेश पांडे के रूप में की गई है.

ऋषिकेश पांडे सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद घर पर खेती-किसानी करते थे. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बीती देर संध्या दोनों खेत का पटवन कर कर पैदल ही सड़क से होकर घर लौट रहे थे उसी बीच मुख्य मार्ग पर किसी अनियंत्रित वाहन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिसके कारण दोनों घायल अवस्था में सड़क पर गिरे थे. जिसके बाद स्थानीय लोगों के द्वारा दोनों को परिवार वालों की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच रेफर किया गया.

लेकिन ओमप्रकाश तिवारी की मौत पीएमसीएच ले जाने के दौरान रास्ते में गड़खा प्रखंड अंतर्गत हो गई. जिसके बाद परिवार वाले रोते-पीटते शव लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां आज सुबह शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया गया. वहीं दूसरे घायल ऋषिकेश पांडे की भी मौत आज सुबह पीएमसीएच में उपचार के दौरान हो गई है. जिनके शव का पोस्टमार्टम पीएमसीएच में ही कराए जाने की प्रक्रिया जारी है. एक साथ दो लोगों की मौत के बाद गांव में मातम छाया हुआ है.

![]()

