सदर अस्पताल में इलाज कराने आते हैं तो रहें सावधान ! कहीं आपकी पॉकेट न कट जाए या बाइक चोरी ना हो जाए

CHHAPRA DESK –   अगर आप छपरा सदर अस्पताल में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं तो थोड़ा सावधान रहें. कहीं आपकी जब न कट जाए और आपकी बाइक व साइकिल ना चोरी हो जाए. क्योंकि, ऐसे मामले प्राय: सामने आ रहे हैं. बीते पांच दिनों के भीतर दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिये है. स्थिति तब है जबकि सदर अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. विदित हो कि पांच दिन पूर्व सदर अस्पताल में कार्यरत एक कर्मचारी की स्कूटी को चोरों ने अस्पताल परिसर से ही उड़ा लिया था. इस घटना का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि आज एक मरीज का पाकेटमारी की घटना सामने आई है. इस बार निबंधन काउंटर पर पर्ची कटवाने के दौरान एक मरीज के परिजन की जेब काट ली गई.

पीड़ित परिजन एकमा थाना क्षेत्र के नवतन गांव निवासी दीनदयाल बताए गये हैं, जो अपनी बच्ची के इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचे थे. निबंधन काउंटर पर पर्ची कटवाने के लिए लाइन में खड़े रहने के दौरान चोरों ने उनकी जेब से नकदी निकाल ली. हालांकि दीनदयाल ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही चोर को पकड़ लिया. पकड़े जाने पर उस पॉकेटमार ने रुपए जमीन पर गिरा दिए. जिसके बाद स्वास्थ्यकर्मियों की मदद से इसकी सूचना भगवान बाजार थाना पुलिस को दी गई. हालांकि पीड़ित व्यक्ति के द्वारा लिखित शिकायत नहीं दिए जाने के कारण पकड़े गए चोर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा सकी है.

पकड़े गये चोर की पहचान भगवान बाजार थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर मोहल्ला निवासी के रूप में की गई है. वहीं इस घटना के बाद अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. बता दें कि बीते कुछ महीने पहले सदर अस्पताल स्थित मातृ शिशु अस्पताल के वॉशरूम से नल खोल कर चोरी करते एक चोर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था. सदर अस्पताल से ऐसे चोरी के मामले लगातार सामने आते रहे हैं. हालांकि कई बार चोर को पकड़ कर अस्पताल प्रशासन के द्वारा पुलिस को भी सौंपा जा चुका है, लेकिन सदर अस्पताल में भीड़ होने के कारण चोरी-पाकेटमारी की घटनाएं भी बढ़ रही है.

Loading

69
E-paper ब्रेकिंग न्यूज़