सारण में संदिग्ध मौतों का सिलसिला जारी ; भर्ती मरीजों ने कहा शराब पीने से बिगड़ी हालत, दिखाई देने लगा धुंधला

सारण में संदिग्ध मौतों का सिलसिला जारी ; भर्ती मरीजों ने कहा शराब पीने से बिगड़ी हालत, दिखाई देने लगा धुंधला

CHHAPRA DESK –   सारण जिले के मशरक और पानापुर थाना क्षेत्रों में संदिग्ध मौतों का सिलसिला जारी है. अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है. आज एक व्यक्ति की पुलिस अभिरक्षा में मौत हो गई है. इन संदिग्ध मौतों में एक व्यक्ति के शव का पोस्टमार्टम बीती रात्रि मेडिकल बोर्ड के द्वारा कराया गया. जबकि आज पुलिस अभिरक्षा में मृत व्यक्ति के शव का भी पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से ही कराए जाने की प्रक्रिया की जा रही है. वहीं, पोस्टमार्टम के क्रम में बिसरा रिजर्व पर जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जा रहा है. ताकि, मृत्यु के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सके. वहीं कई लोगों की तबीयत भी बिगड़ रही है,

Add

जिन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से बेहतर चिकित्सा के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है. सदर अस्पताल में भर्ती मरीज का कहना है कि उन लोगों के द्वारा बीते दिनों शराब पिया गया था. जिसके कारण उन्हें धुंधला दिखाई देने लगा है और पांच अन्य लोगों के बीमार होने की भी सूचना मिल रही है. जिनमें तीन लोगों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है. क्षेत्र में दबी जुबान से लोग जहरीली शराब को मौत का कारण मान रहे हैं, हालांकि पुलिस प्रशासन इसे बीमारी का नाम दे रहा है.

इनकी हुई है मौत :

* पहली संदिग्ध मौत 11 मार्च को मशरक थाना क्षेत्र के तख्त गांव निवासी संतोष महतो की हुई है. उसे भी धुंधला दिखाई देने लगा था. परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया. वहीं, दूसरी व तीसरी मौत 12 मार्च को पानापुर थाना क्षेत्र में हुई है. जहां स्थानीय धेनुकी गांव निवासी सुकन नट की अचानक मौत हो गई. परिजनों के अनुसार, तबीयत बिगड़ने पर जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया, तो चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया. जबकि पानापुर के ही सुगौली निवासी जगरनाथ राय के पुत्र धर्मेंद्र राय की भी संदिग्ध स्थिति में मौत हुई है. लगातार हो रही इन संदिग्ध मौतों के कारण क्षेत्र में सनसनी फैल गई है.

जबकि चौथी मौत मशरक थाना के पूरब टोला निवासी पंकज सिंह की हुई है. वहीं पांचवीं मौत रघुवर महतो की पुलिस अभिरक्षा में उपचार कराए जाने के दौरान सदर अस्पताल में हुई है. बताया जा रहा है कि मशरक थाना पुलिस के द्वारा उसे और उसके भाई को भी दारू बेचने के जुर्म में बीते दिन गिरफ्तार किया गया था. जिन्हें पुलिस अभिरक्षा में रखा गया था और पूछताछ की जा रही थी. कोर्ट भेजने के क्रम में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और अस्पताल पहुंचाया गया तब तक रास्ते में ही उसकी मौत हो चुकी थी. अब शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की प्रक्रिया जारी है.


जिला प्रशासन ने क्या कहा

इस मामले में जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन को जानकारी मिली कि बुधवार 11 मार्च को मशरक तख्त टोला निवासी संतोष महतो की मृत्यु हुई है. उनकी मृत्यु के उपरांत उनके परिजनों द्वारा उनका अंतिम संस्कार किया गया. उन्हें पूर्व से ही स्वास्थ्य संबंधित समस्याएं थी. विगत कई दिनों से उन्होंने भोजन भी ग्रहण नहीं किया था. बीमारी की गंभीर स्थिति में ही उन्हें परिजन इलाज के लिये अस्पताल ले गए जहां से रेफरल के उपरांत छपरा ले जाने के क्रम में उनकी मृत्यु हुई है. परिजनों ने उनकी बीमारी तथा पारिवारिक कलह के कारण विगत कई दिनों से खाना नहीं खाने की बात कही है. उनके परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर दिनांक 11 मार्च को स्थानीय मुकेश महतो के घर पर छापेमारी की गई. जिसमें 26 लीटर देसी शराब जब्त किया गया, जिसकी रसायनिक जांच कराई जा रही है.

दो लोग पकडे गए थे. उक्त दोनों अभियुक्त को 12 मार्च संध्या को न्यायालय में पेश करने के समय अगले दिन उपस्थापन के लिये निर्देश कोर्ट से प्राप्त हुआ फिर उनको मशरक थाना वापस लाया गया ताकि अगले दिन 13 मार्च की सुबह कोर्ट भेजा जा सके. 12 मार्च को पानापुर प्रखंड के दुबैली के धर्मेंद्र राय की पटना में इलाज कराने के क्रम में मृत्यु की जानकारी हुई. स्थानीय थाने में उनके परिजन द्वारा सूचना के उपरांत इनका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल छपरा में कराया गया. पोस्टमार्टम के उपरांत विसरा को फोरेंसिक जांच के लिये प्रिजर्व किया गया है. विसरा जांच रिपोर्ट के उपरांत मृत्यु के सही कारण की जानकारी प्राप्त हो सकेगी. दोनों मृतकों का कोई अपराधिक इतिहास नहीं रहा है.

इसी क्रम में 26 लीटर देशी शराब के साथ मशरक थाना में पकडे गए दो भाई में से एक मशरक पूरब टोला निवासी रघुवर महतो के द्वारा आज 13 मार्च को सुबह कोर्ट जाने से पहले अस्पताल जाने का अनुरोध किया गया. उनकी भी मृत्यु इलाज के क्रम में सदर अस्पताल में हुई है. पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई की जा रही है. वहीं 13 मार्च को मशरक थाना के पूरब टोला निवासी पंकज सिंह की मृत्यु की सूचना मिली है. परिजनों से संपर्क किया जा रहा है ताकि पोस्टमार्टम करवाया जा सके.

Loading

79
Crime E-paper ब्रेकिंग न्यूज़