CHHAPRA DESK – छपरा नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कचहरी रेलवे कॉलोनी के समीप बीते दिन हुए इंजीनियर विकास कुमार तिवारी हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है. एसएसपी विनीत कुमार के निर्देश पर गठित एसआईटी व नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस लूटकांड में शामिल पांच अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तारी के दौरान उनके पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं. वही एएसपी राम पुकार सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि बीते 27 जनवरी को अपराधियों ने लूट के दौरान इंजीनियर विकास कुमार तिवारी को गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी.

इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 79/2026 दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया था. घटना की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर अपराधियों की पहचान की गई. वही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया. पूछताछ में उन्होंने लूट और हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उनकी निशानदेही पर तीन अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया.

गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं. इस बरामदगी के आधार पर नगर थाना कांड संख्या 109/26 भी दर्ज किया गया है. वही गिरफ्तार अभियुक्तों में बिलाल आलम उर्फ छोटू, फिरोज आलम, नितेश कुमार, रिशु कुमार और रितिक कुमार शामिल हैं. पुलिस ने बताया कि सूचना देने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा तथा सभी आरोपितों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर जल्द सजा दिलाई जाएगी. इस कार्रवाई में नगर थानाध्यक्ष संजीव कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे.

![]()

