CHHAPRA DESK – छपरा शहर से जिला परिषद सदस्य के पुत्र का अपहरण किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इससे भी बड़ी बात यह है कि जिप सदस्य के पुत्र के अपहरण का आरोप जिला परिषद अध्यक्षा के पति व अन्य पर लगा है. इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. घटना छपरा शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत कटरा मोहल्ला का है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि स्थानीय निवासी जिला परिषद सदस्य बबन राय उर्फ हरिवंश प्रसाद यादव के 23 वर्षीय पुत्र विकास कुमार यादव उर्फ सीटू का अपहरण घर से ही किया गया है.

इस मामले में बबन राय की पत्नी कौशल्या देवी के बयान पर भगवान बाजार थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. जिसमें जिला परिषद अध्यक्ष जयमित्रा देवी के पति अमरनाथ यादव उनके पुत्र कुणाल कुमार आनंद राय, गोविंद राय, छविनाथ सिंह, साहिल सहित कुल आठ लोगों को नामजत किया गया है. सूचना के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है.

परिजनों के अनुसार ऐसे हुआ अपहरण
इस मामले में सीटू की मां कौशल्या देवी और बहन प्रीति कुमारी ने हलचल न्यूज को बताया कि रात्रि में वे लोग घर पर भोजन कर रहे थे. उसी बीच जिला परिषद अध्यक्षा जयमित्रा देवी के पति अमरनाथ राय, उनके पुत्र कुणाल कुमार आनंद राय, गोविंद राय, छविनाथ सिंह, साहिल कुमार सहित अन्य लोग उनके घर पर आए और पूछा कि बबन राय है, तो उन लोगों के द्वारा बताया गया कि वह घर पर नहीं है. जिसके बाद उन लोगों ने विकास के विषय में पूछा तो विकास कमरे से बाहर निकाला. जिसके बाद वे लोग जबरन उसे पकड़ कर साथ ले जाने लगे. विरोध करने पर धक्का-मुक्की कर उसे घर से खींचकर अपने स्कॉर्पियो में बैठा लिए और लेकर चले गए. जिसके बाद वह घर नहीं लौटा. जिसके बाद उन लोगों के द्वारा इस घटना की सूचना भगवान बाजार थाना पुलिस को दी गई.

क्या कहते हैं थाना अध्यक्ष
इस मामले में पूछे जाने पर भगवान बाजार थाना अध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह ने हलचल न्यूज ने बताया कि बबन राय की पत्नी कौशल्या देवी के द्वारा उनके पुत्र विकास कुमार उर्फ सीटू के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. जिसमें अमरनाथ यादव समेत कुल आठ लोगों को नामजद किया गया है. प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस विकास की बरामदगी एवं अपहर्ताओं की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है. शीध्र ही इस मामले का उद्भेदन कर दिया जाएगा.

![]()

