CHHAPRA DESK – सारण जिला के अलग-अलग क्षेत्रों में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. जहां दो व्यक्ति की मौत हुई है. पहली घटना में जिले के मशरक थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालवाड़ी गांव निवासी मोबिल के थोक व्यापारी की कार दुर्घटना में एकमा के रेलवे ओवरब्रिज पर मौत हो गयी. वे मशरक के महाराणा प्रताप चौक के पास जय माता दी लूब्रिकेंट एजेंसी के नाम से मोबिल का थोक दुकान चलाते थे. मृतक की पहचान मशरक थाना क्षेत्र के गोपालवाड़ी गांव निवासी तेज नारायण सिंह के 38 वर्षीय पुत्र संजय सिंह के रूप में की गई. घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि वे कार से एकमा में व्यापार के सिलसिले में गये थे.

तभी एकमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे ओवरब्रिज पर अनियंत्रित पिकअप की आमने-सामने की टक्कर में उनकी मौत हो गई. वहीं कार में सवार दुकान का मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया. हालांकि गंभीर स्थिति में उन्हें छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक के द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. चिकित्सक द्वारा उन्हें मृत घोषित किए जाने के बाद परिवार वालों में रोना-पीटना लग गया. वहीं सदर अस्पताल में मौजूद भगवान बाजार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया.

वहीं, दूसरी घटना जिले के रिविलगंज थाना अंतर्गत सिमरिया गांव के समीप घटी, जहां किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई. मृत किशोर की पहचान जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र के पहिया सिमरिया गांव निवासी कामेश्वर राय के 14 वर्षी पुत्र निखिल कुमार के रूप में की गई. घटना के संबंध में बताया जाता है कि वह वह पहिया ढाला के समीप पैदल ही जा रहा था तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया.

जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया और स्थानीय लोगों के द्वारा आनन-फानन में उसे स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. चिकित्सक द्वारा उसे मृत घोषित किए जाने के बाद जहां परिवार वालों में रोना-पीटना लग गया. वहीं स्थानीय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया गया.

![]()

