CHHAPRA DESK – सारण उत्पाद विभाग की टीम ने छपरा शहर के तटीय इलाका दिलिया रहीमपुर में डॉग स्क्वायड की टीम के साथ बड़ी कार्रवाई की है. जहां, उत्पाद विभाग की टीम ने 22 शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया, वहीं 80 हजार लीटर अर्द्धनिर्मित शराब को भी विनष्ट किया गया. शराब तस्करों एवं कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई से शराब तस्करों और कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है. बता दें कि उत्पाद विभाग द्वारा तटीय इलाकों और दियारा क्षेत्र में भी लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है.

वहीं छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ड्रोन और डॉग स्क्वायड की भी मदद ले रहा है. जिसके कारण प्रतिदिन दर्जनों शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया जा रहा है. वहीं छापेमारी के दौरान 80 हजार लीटर अर्द्धनिर्मित शराब विनष्ट कर 715 लीटर देसी शराब जब्त किया गया. वहीं लगभग दो दर्जन भट्ठी एवं 90 ड्रम तथा 116 तिरपाल को नष्ट किया गया. हालांकि उस दौरान किसी कारोबारी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.

बता दें कि बीते दिन भी सारण पुलिस एवं उत्पाद विभाग के साथ अर्द्धसैनिक बल के द्वारा संयुक्त रूप से शराब के विरुद्ध छापेमारी कर दर्जनों भट्ठियों को ध्वस्त किया गया था. आगामी लोक सभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन लगातार अभियान चलाकर शराब कारोबारियों, तस्करों एवं अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. जिसके कारण उन सभी में हड़कंप मचा हुआ है.

![]()

