
CHHAPRA DESK – सारण जिला अंतर्गत आर्केस्ट्रा ग्रुप में नाबालिग लड़कियो के शोषण की गुप्त सूचना पर पुलिस प्रशासन ने मशरक, इसुआपुर और पानापुर थाना क्षेत्र के अलग-अलग जगहो पर छापेमारी कर 17 नाबालिग लड़कियो को सुरक्षित रूप से मुक्त कराया है. राष्ट्रीय बाल अधिकार आयोग दिल्ली के एटीसी के निर्देश पर सारण एसपी डॉ कुमार आशीष के आदेशानुसार सारण पुलिस की विशेष टीम ने मशरक, पानापुर और इसुआपुर थाना के सहयोग से छापेमारी की. छापेमारी के दौरान मशरक थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरसन के पुनम आर्केस्ट्रा और पुजा आर्केस्ट्रा से 1- 1 नाबालिग लड़कियो को मुक्त कराया गया.

जबकि सीमावर्ती थाना पानापुर के न्यू लवली आर्केस्ट्रा, धेनुकी बाजार के सोनिया और मुस्कान आर्केस्ट्रा से 7 तथा इसुआपुर के मुस्कान, जितेंद्र, सूरज और सदाम आर्केस्ट्रा से 8 नाबालिग लड़कियो को मुक्त कराया गया. इस अभियान में मुख्य रूप से मिशन मुक्ति फाउंडेशन, दिल्ली के निदेशक वीरेन्द्र कुमार सिंह, रेस्क्यू फाउंडेशन दिल्ली से अक्षय पांडेय एवं अखिलेंद्र सिंह नारायणी सेवा संस्थान सारण, रेस्क्यू एंड रिलीफ फाउंडेशन की सक्रिय भूमिका रही.

अक्षय पांडे जांच अधिकारी रेस्क्यू फाउंडेशन द्वारा बताया गया कि सारण के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पिछले वर्ष भी नाबालिग लड़कियों को आर्केस्ट्रा से मुक्ति दिलाया गया और उनका पुनर्वासन किया गया था. उसी तरह इस वर्ष भी कार्यवाही शुरू है. आर्केस्ट्रा से बरामद की गई ज्यादातर लड़कियां वेस्ट बंगाल, उड़ीसा और असम से है. इनको लाने वाले स्थानीय लोग है, जो बाहर के राज्य से लड़कियों को लाकर बिहार में आर्केस्ट्रा संचालक को सौंप देते है. जहां डांसिंग के साथ साथ इनका शारीरिक शोषण भी किया जाता है.

![]()

