CHHAPRA DESK – सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र से रात होते-होते एक बड़ी सनसनीखेज खबर सामने आ रही है. जहां बदमाशों ने श्रृंगार स्टोर के सेल्समैन सलीम को चाकू से गोद कर मौत के घाट उतार दिया. हालांकि श्रृंगार स्टोर्स संचालक व परिवार वाले उसे उठाकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक के द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया. इस घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया. वहीं, सदर अस्पताल में मौजूद भगवान बाजार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रात्रि में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. जहां, शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की प्रक्रिया की जा रही है. मृत युवक मढौरा थाना क्षेत्र के खास गाई टोला निवासी मोहम्मद इदरीश का 26 वर्षीय पुत्र सलीम बताया गया है.

जो कि मढ़ौरा बाजार स्थित जहीर हुसैन के गुड़िया श्रृंगार स्टोर पर सेल्समैन का काम करता था. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि रोजा पर्व को लेकर श्रृंगार स्टोर की दुकान खुली थी. करीब 8:30 पर गांव के ही कुछ बदमाश पहुंचे और दुकान पर हो-हंगामा शुरू कर दिया. उसी बीच सलीम उन्हें हटाने के लिए पहुंचा तो उन लोगों ने चाकू निकाल कर उसके शरीर पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया. जिस कारण अस्पताल ले जाने के दौरान दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई.

इस संबंध में दुकान संचालक के द्वारा रंगदारी मांगने का भी आरोप लगाया गया है. हालांकि समाचार प्रेषण तक इस मामले में प्राथमिकी की प्रक्रिया चल रही थी. वहीं पुलिस मामले की छानबीन में और दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में लगी हुई है. फिलहाल शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराए जाने की प्रक्रिया की जा रही है. वहीं बयान दर्ज कराए जाने को लेकर प्राथमिकी की की प्रक्रिया जारी थी.

![]()

