PATNA DESK – अब सरकारी स्कूल के बच्चे भी एसी की ठंडी हवा, टीवी और फ्रिज का आनंद विद्यालय में ले सकेंगे. शिक्षा विभाग ने विद्यालय में उक्त उपकरणों को लगाने का निर्णय लिया है. शिक्षा विभाग ने राज्य के माध्यमिक स्तर के स्कूलों में एसी, फ्रिज, टीवी निर्धारित किराये पर लेकर लगाने का निर्णय लिया है. जिसके किराये का भुगतान प्रति माह स्कूलों के छात्र और विकास कोष से किया जाएगा. ये सारे इलेक्ट्रानिक उपकरण उपलब्ध कराने वाली एजेंसी भी तय कर ली गई है.

यह एजेंसी किराए पर देगी सामान
शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन) सह अपर सचिव सुबोध कुमार ने राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र लिख कहा है कि ‘सप्लाई एंड इंस्टॉलेशन ऑफ होम एंड ऑफिस एप्लायंस’ से प्रति माह किराये पर स्कूलों में एसी और टीवी लगवाएं. इलेक्ट्रानिक उपकरणों का सबसे अधिक उपयोग राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद एवं राज्य के सरकारी शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों के आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों में किया जाएगा. इलेक्ट्रानिक उपकरणों को किराये पर लेने के लिए एल-वन एजेंसी मेसर्स बालाजी एग्रोटेक एजेंसी से संपर्क करने के लिए कहा गया है. बता दें कि तय किराये में रखरखाव का खर्च भी शामिल है.

![]()

