छपरा में टीकाकरण के बाद 18 माह के बच्चे की मौत के बाद परिजनों का फूटा आक्रोश ; चिकित्सक को बंदी बनाकर लोगों ने जमकर काटा बवाल

Chhapra Desk छपरा जिले के मकेर थाना क्षेत्र में नियमित टीकाकरण के बाद 18 माह के एक बच्चे की तबीयत बिगड़ गई. जिसके बाद उपचार के दरम्यान बच्चे की मौत हो गई. बच्चे की मौत से आक्रोशित परिजनों ने मकेर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक को बंधक बना जमकर बवाल काटा मृत बच्चा जिले के मकेर थाना क्षेत्र के चंडीला गांव निवासी विकास कुमार का डेढ़ वर्षीय पुत्र प्रतीक कुमार बताया गया है. इस घटना के बाद स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया. लेकिन स्थिति बेकाबू होते देख उनके द्वारा इस बात की सूचना जिले के वरीय पदाधिकारियों को दी गई. वहीं इस सूचना के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया और वरीय पदाधिकारियों की टीम मकेर स्वास्थ्य केंद्र पहुंची हालांकि लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस में चिकित्सक को हिरासत में ले लिया है.

क्या है मामला

बताते चलें कि डेढ़ वर्षीय प्रतीक को बीते दिन चंडीला गांव स्थित टीकाकरण केंद्र पर नियमित टीकाकरण चक्र के दौरान पोलियो ड्रॉप के साथ पेंटावेलेंट का टीका लगाया गया था. जिसके बाद परिजन बच्चे को लेकर घर चले गए लेकिन अचानक रात्रि में बच्चे की तबीयत बिगड़ गई. जिसके बाद परिजन उसे लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे जहां मौजूद चिकित्सक द्वारा जांच के दौरान पाया गया कि बच्चे को 102 बुखार है. जिसके बाद उनके द्वारा बच्चे को पारासिटामोल का ड्रॉप दिया गया और कहां गया कि इससे बच्चे का बुखार उतर जाएगा.

वही परिजन बच्चे को लेकर घर पहुंचे और अचानक आज अलसुबह बच्चे की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई. जिसके बाद परिजन बच्चे को लेकर मकेर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ प्रभात कुमार के द्वारा बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया. चिकित्सक द्वारा बच्चे को मृत घोषित किए जाने के साथ परिवार वालों का आक्रोश फूट पड़ा और स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक को बंधक बनाकर जमकर बवाल काटना शुरू कर दिया. इस सूचना के बाद फिलहाल वरीय पदाधिकारियों की टीम मकेर पहुंच चुकी है. वहीं जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी एवं अन्य चिकित्सकों की टीम मकेर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए प्रस्थान कर चुकी है.

क्या कहते हैं सिविल सर्जन

इस मामले में सिविल सर्जन डॉक्टर सागर दुलाल सिन्हा ने बताया कि मकेर के चंडीला गांव स्थित टीकाकरण केंद्र पर टीका लेने के बाद एक बच्चे की तबीयत बिगड़ने और उसके बाद उसकी मौत का मामला सामने आया है. इस मामले को संज्ञान में लेते हुए चिकित्सकों की टीम घटनास्थल पर भेजी गई है. वहीं उन्होंने बताया कि जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉक्टर चंदेश्वर सिंह जिला गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ दिलीप कुमार सिंह को वहां भेजा गया है. वहां उपलब्ध टीका के रखरखाव एवं कोल्ड चैन की जांच करने का उनको निर्देश दिया गया है.

Loading

E-paper ब्रेकिंग न्यूज़