पति से नाराज पत्नी पहुंची मायके ; पति मनाने गया तो खा लिया जहर

CHHAPRA DESK – छपरा जिले के जलालपुर थाना अंतर्गत नवादा गांव में पति से विवाद के बाद एक महिला ने जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी. महिला की मौत अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में हो गई है. मृत महिला रिविलगंज थाना क्षेत्र के इनई गांव निवासी रमेश प्रसाद की 20 वर्षीय पत्नी गुड़िया देवी बताई गई है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि गुड़िया का अपने पति रमेश प्रसाद से किसी बात को लेकर बीते दिनों विवाद हुआ था.

जिसके बाद वह ससुराल छोड़कर अपने मायके जलालपुर थाना क्षेत्र स्थित नवादा गांव में अपने पिता विजेंद्र प्रसाद के घर आ गई थी. जहां बीती रात्रि उसका पति भी उसके घर मनाने पहुंचा और उन दोनों के बीच किसी बात को लेकर पुन: विवाद हुआ. जिसके बाद उसका पति घर चला गया. सुबह में घर वालों ने उसको समझाया और काम पर चले गए. इसी बीच उन्हें सूचना मिली की गुड़िया के द्वारा कोई कीटनाशक खा लिया गया है.

जिसके बाद वह घर पहुंचे और उसे उठाकर आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया. जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों के द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया. इस घटना के बाद घरवालों में कोहराम मच गया. वहीं सूचना के बाद जलालपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है.

इस दौरान मृत महिला के पिता ने बताया कि रात में उसकी पुत्री का अपने पति के साथ विवाद हुआ था. वह सुबह में ईंट भट्ठा पर काम करने के लिए चला गया था. तभी पति से विवाद के बाद उनकी पुत्री के द्वारा जहरीला पदार्थ खा लिया गया था, जिससे उसकी मौत हुई है. पति-पत्नी के झगड़े के विषय में उन्हें अधिक जानकारी नहीं है.

Loading

Crime E-paper ब्रेकिंग न्यूज़