CHHAPRA DESK – सारण जिला की रिविलगंज थाना अंतर्गत जान टोला में कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ और मारपीट भी हुई. जिसके बाद स्थानीय लोगों की पहल पर मामला शांत करा दिया गया. लेकिन मामला शांत कराए जाने के बाद भगवान बाजार थाना अंतर्गत दौलतगंज मोहल्ले में उस युवक के घर पर चढ़कर फायरिंग की गई. हालांकि बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली किसी को लगी नहीं,

लेकिन फायरिंग के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और दहशत का माहौल बन गया. घटना बीती देर रात की बतायी गई है. इस घटना के बाद 112 पर डायल कर पुलिस को सूचना दी गई. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हो-हंगामा के बीच एक युवक को गिरफ्तार भी किया है. वही मारपीट में जख्मी युवक का उपचार आज छपरा सदर अस्पताल में कराया गया. जहां उसके बयान पर भगवान बाजार थाने में छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया गया है.

जख्मी युवक छपरा शहर के भगवान बाजार थाना अंतर्गत दौलतगंज मोहल्ला निवासी मधेश्वर राय का 24 वर्षीय पुत्र गुड्डू कुमार राय बताया गया है. जख्मी युवक ने सदर अस्पताल में उपचार के दौरान बताया कि बीती रात्रि वह अपना ई रिक्शा लगाने के लिए दौलतगंज से जान टोला (रिविलगंज) स्थित अपने दूसरे घर पर गया था, जहां रास्ते में कुछ नशेड़ी युवकों के द्वारा विवाद हुआ और बात मारपीट तक पहुंच गई. बीच बचाव के बाद मामला शांत हुआ और वह जान टोला से अपने घर दौलतगंज आ गया.

कुछ समय बाद वे नशेड़ी युवक कट्टा लेकर उसे घर पर पहुंचे और आवाज लगाने के बाद फायरिंग करना शुरू कर दिए. जिसके बाद वे लोग डर कर घर में दुबक गये और 112 पर डायल कर पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन के क्रम में उसके घर के समीप से 315 बोर का तीन खोखा बरामद किया गया. वहीं एक युवक को भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है.

![]()

