PATNA DESK : आज भी गरीब जनता पुलिस के पास जाने से कतराती है. वह डरती है कि पुलिस उनके साथ कैसा सलूक करेगा. उक्त बातें बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीसैप-5) के परिसर में आयोजित पुलिस एसोसिएशन के 40वें महाधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि अपने संबोधन में कही. तेजस्वी ने कहा कि गरीब लोग पुलिस के पास जाने से घबराते हैं, इसलिए पुलिस खुद उन तक जाए और उनकी समस्याओं का समाधान करे.

उन्होंने राज्य सरकार के स्तर से पुलिसकर्मियों की समस्याओं का निष्पादन करने का भी आश्वासन दिया. वहीं मृत्युंजय कुमार सिंह के लगातार चौथी बार बिहार पुलिस एसोसिएशन का अध्यक्ष निर्वाचित होने पर उनको बधाई दी. कहा कि हार-जीत होती रहती है, लेकिन सभी पुलिसकर्मियों की समस्याओं को दूर करने की कोशिश की जानी चाहिए.

छोटी बातों पर दंडित करने पर लगे रोक
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस एसोसिएशन से जुड़े कर्मी बिहार पुलिस की रीढ़ हैं. मांग करते हुए कहा कि छोटी-छोटी बातों के लिए जिला पुलिस अधीक्षकों द्वारा पुलिसकर्मियों को दंडित करने की कार्रवाई पर रोक लगे. उन्होंने एसोसिएशन भवन परिसर में ही गेस्ट हाउस बनाने और पुलिस पदाधिकारियों के लिए कैशलेस मेडिकल कार्ड जारी किए जाने की भी मांग की.कार्यक्रम में सभी पुलिसकर्मियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष व संगठन के अन्य पदाधिकारियों का फूल-माला से स्वागत किया.

बिहार पुलिस एसोसिएशन की प्रमुख मांगें
इंस्पेक्टर रैंक के पदाधिकारियों को तीन स्टार लगाने की अनुमति दी जाए. पुलिस निरीक्षक एवं समकक्ष को राजपत्रित पदाधिकारी घोषित किया जाए. पुलिस गेस्ट हाउस का निर्माण किया जाए. कैशलेश मेडिकल कार्ड जारी किया जाए. छुट्टी अनिवार्य की जाए. मोबाइल, इंटरनेट भत्ता दिया जाए. थानों में सरकारी गाड़ियों के ईंधन का कोटा बढ़ाया जाए. नक्सली हमले में शहीद पुलिसकर्मियों के आश्रित को सेवाकाल तक पूरा वेतन भुगतान हो.

सेंट्रल पैनल में दो नए सदस्यों की एंट्री
बिहार पुलिस एसोसिएशन के सेंट्रल पैनल में दो नए सदस्यों की एंट्री हुई है. संयुक्त सचिव के पद पर नीरज कुमार सिंह और संगीता कुमारी पहली बार चुने गये हैं। मृत्युंजय कुमार सिंह चौथी बार अध्यक्ष बने. वहीं महामंत्री के रूप में कपिलेश्वर पासवान और उपाध्यक्ष के रूप में यशोदानंद पांडेय लगातार दूसरी बार चुने गए वंदना कुमारी ने मृत्युंजय सिंह के पैनल के दशरथ यादव को हरा कर जीत दर्ज की.

![]()

