शराब कारोबार में संलिप्त तरैया थाना के सअनि हरेन्द्र पासवान को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल ; एसपी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई का दिया आदेश

Chhapra Desk – सारण एसपी संतोष कुमार ने तरैया थाना में पदस्थापित सअनि हरेन्द्र पासवान का शराब के अवैध कारोबार में संलिप्तता प्रकाश में आने के बाद तत्काल उसे निलंबित करने के साथ ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. पुलिस अधीक्षक के इस मामले की जांच करने के लिए पुलिस निरीक्षक मशरक अंचल एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी , मदौरा को सत्यापन कर अग्रेतर कार्रवाई का निर्देश दिया था. जांच के कम में तरैया थाना के एक बड़े शराब माफिया / कारोबारी के साथ उक्त सअनि की संलिप्तता पाई गई.

अनुसंधान के क्रम में पाया गया कि शराब के खेप को पार कराने के एवज में सअनि हरेन्द्र पासवान के द्वारा पैसा लिया जाता था तथा ये उससे सम्पर्क बनाकर शराब की खेप पार कराते थे. अवैध शराब के कारोबार में संलिप्तता की पुष्टि तकनीकि अनुसंधान से भी हुई है. ज्ञातव्य है कि पुलिस मुख्यालय एवं पुलिस अधीक्षक , सारण के द्वारा मद्यनिषेध अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु लगातार आदेशित किया जाता है तथा लगातार अभियान भी चलाया जा रहा है. एसपी ने बताया कि मद्य निषेध अधिनियम को लागू करना पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है, परन्तु सअनि हरेन्द्र पासवान मद्यनिषेध अधिनियम के क्रियान्वयन के बजाय इस अधिनियम का स्वयं उल्लंघन करते हुए एक मुख्य शराब कारोबारी से साठ – गांठ करके अवैध रकम की वसूली कर रहे थे. जिससे मद्यनिषेध अधिनियम का उल्लंघन हुआ है तथा मद्यनिषेध अधिनियम के सफल क्रियान्वयन में बाधा उत्पन हुई है.

वहीं इससे पुलिस विभाग की छवि भी धुमिल हुई है. जिसको लेकर हरेन्द्र पासवान को तरैया थाना काण्ड सं-287 / 21 में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. साथ ही उन्हे मद्यनिषेध अधिनियम के उल्लंघन, मद्यनिषेध अधिनियम के क्रियान्वयन को विफल करने, आदेश उल्लंघन, कर्तव्यहीनता, संदिग्ध आचरण एवं पुलिस विभाग की छवि धुमिल करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है तथा विभागीय कार्रवाई प्रारम्भ करने का आदेश दिया गया है.

Loading

E-paper ब्रेकिंग न्यूज़