
CHHAPRA DESK – सारण जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में डूबने से दो बच्चों की मौत हुई है. पहली घटना जिले के मशरक थाना क्षेत्र अंतर्गत बहरौली पंचायत के देवरिया उज्जैन टोला गांव में घटी, जहां बहन के साथ घोघारी नदी गये 6 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गई. मृत बच्चे की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के देवरिया उज्जैन टोला गांव निवासी सुधीर सिंह के 6 वर्षीय पुत्र अभि कुमार सिंह के रूप में हुई. परिजनों ने बताया कि बहन के साथ घोघाड़ी नदी घाट पर गया था. जहां उसकी बहन घाट पर कपड़ा धोने लगीं, उसी दौरान वह खेलने लगा और पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया, जहां उसकी डूबने से मौत हो गई. मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया. मृतक दो बहन और दो भाईयों में सबसे छोटा था और गांव के ही आंगनवाड़ी में पढ़ता था.

वहीं दूसरी घटना शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत पीएन सिंह कॉलेज के समीप पानी भरे गड्ढे में नहाने के क्रम में एक बच्चे की डूबने से मौत हो गई. मृत बच्चा भगवान बाजार थाना क्षेत्र के बड़ा ब्रह्मपुर मोहल्ला निवासी अमर कुमार का 9 वर्षीय पुत्र कुणाल कुमार बताया गया है. इस संदर्भ में परिजनों ने सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के क्रम में बताया कि बुधवार क़ो स्कूल से आने के बाद शाम में पी एन सिंह कॉलेज के गड्ढे के समीप खेलने चला गया था, लेकिन रात तक घर नहीं आया तो काफी खोजबीन की गई.

लेकिन, उसका कुछ ता पता नहीं चला. वही गुरुवार को एक बच्चे ने गड्ढे के समीप शव क़ो देखा. जिसके बाद इसकी सूचना परिजनों को दी. परिजनों ने इसकी सूचना भगवान बाजार थाना को दी तब मौके पर पहुंची पुलिस के द्वारा उसे गड्ढे से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए लाया गया, जहां देर शाम शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया. वही परिजनों का रो-रो कर हाल-बेहाल हो गया.

![]()

