दसवीं की छात्रा की मौत पर हंगामा ; मां के आवेदन पर 5 नामजद, एक गिरफ्तार

दसवीं की छात्रा की मौत पर हंगामा ; मां के आवेदन पर 5 नामजद, एक गिरफ्तार

CHHAPRA DESK –  सारण जिला अंतर्गत डेरनी थाना क्षेत्र के रसूलपुर शीतलपट्टी गांव में दसवीं की छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर पांच लोगों को नामजद आरोपित बनाया है. इस मामले को लेकर गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार गांव के एक कुएं से बीती रात 15 वर्षीय छात्रा राम्या सिंह का शव बरामद किया गया था. शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. इस मामले में मृतका की मां नीरू देवी, पति सत्येंद्र सिंह, निवासी पट्टी शीतलपट्टी थाना डेरनी जिला सारण ने थाने में लिखित आवेदन देकर गंभीर आरोप लगाए हैं.

दर्ज प्राथमिकी में नीरू देवी ने बताया है कि बुधवार को लगभग तीन बजे उनकी पुत्री राम्या सिंह पुराने मकान की ओर गई थी. आरोप है कि वहां पहले से ही कुछ लोग घात लगाकर बैठे हुए थे. मौका मिलते ही आरोपितों ने उसकी पुत्री के साथ जबरदस्ती करने के बाद उसे घसीटते हुए कुएं में डाल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. इस मामले में युवराज मांझी पिता राजकिशोर मांझी उर्फ कमल मांझी, चंदन मांझी पिता शिवजी माझी,सचिन कुमार मांझी पिता श्रीराम मांझी, अजय मांझी पिता शिवनारायण मांझी, विकास मांझी पिता सुरेंद्र मांझी समेत कुल पांच लोगों को आरोपित बनाया गया है. आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपित विकास मांझी द्वारा पहले भी घर में घुसकर छेड़खानी की घटना को अंजाम दिया गया था और विरोध करने पर परिवार को अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी.

Add

पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है. इस क्रम में मुख्य आरोपितों में शामिल युवराज मांझी को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. इधर घटना के बाद मृतिका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतका की बहन ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि उसकी बहन के साथ हुई घटना के लिए जिम्मेदार सभी आरोपितों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए. उसने कहा कि दोषियों को ऐसा दंड मिले ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की घटना करने की हिम्मत न कर सके.

इस संबंध में डेरनी थाना अध्यक्ष प्रीति कुमारी ने बताया कि मृतिका की मां के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और बाकी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. उन्होंने बताया कि छात्रा की मौत के वास्तविक कारण और जबरदस्ती से जुड़े आरोपों की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.

Loading

48
Crime E-paper ब्रेकिंग न्यूज़