CHHAPRA DESK – सारण जिले से फिर एक दहेज हत्या का मामला सामने आया है. इस घटना के आरोप के बाद नगर थाना पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है. घटना छपरा शहर के नगर थाना क्षेत्र स्थित बजरंग नगर कटहरी बाग मोहल्ला से सामने आया है. मृत महिला शहर के बजरंग नगर कटहरी बाग मोहल्ला निवासी राकेश कुमार की 24 वर्षीय पत्नी अंजली कुमारी बताई गई है, जो कि डेरनी थाना क्षेत्र के पोझी परसा गांव निवासी रुक्मिणी देवी की पुत्री थी. सूचना के बाद मायके वाले भी सदर अस्पताल पहुंचे और चीख-पुकार मच गई. वहीं पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है.

इस घटना के संबंध में मृत विवाहिता की मां ने बताया कि अंजली की शादी करीब 22 माह पहले धूमधाम से शहर के नगर थाना अंतर्गत बजरंग नगर कटहरी बाग मोहल्ला निवासी राकेश कुमार के साथ की थी. शादी के कुछ ही समय बाद से ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा. परिजनों के अनुसार, अंजली पर अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाया जाता था और इसी को लेकर अक्सर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी.
परिजनों ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी.

घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है. वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. वही नगर थाना अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि मामले में परिजनों के फर्द बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. वही सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराए जाने की प्रक्रिया जारी थी.

![]()

