
BHOJPUR / ARRAH DESK –भोजपुर जिले के आरा साइबर थाना पुलिस ने ब्लैकमेलिंग के जरिए 19.35 लाख रुपये की ठगी के मामले का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है. उसके पास से चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपित मो आदिल राशिद मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव का निवासी है. इसकी जानकारी साइबर डीएसपी स्नेह सेतू ने दी. उन्होंने बताया कि चौरी थाना क्षेत्र के अंधारी निवासी प्रमोद कुमार राय, जो पेशे से अधिवक्ता और नोटरी पब्लिक हैं, वर्तमान में पकड़ी में रहते हैं. उन्होंने 24 मार्च 2026 को साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, धीरे-धीरे फंसाया प्रेमजाल में शिकायत के अनुसार, आदिल नामक युवक उनसे कार्य के दौरान संपर्क में आया था.

इसके बाद उसकी कथित बहन ने व्हाट्सएप पर उनसे बातचीत शुरू की. धीरे-धीरे उन्हें प्रेमजाल में फंसा लिया. उसी दौरान निजी फोटो और वीडियो हासिल कर आरोपितों ने ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. फिर धमकी देकर अलग-अलग बहाने से पीड़ित से कुल 19.35 लाख रुपये ठग लिए गए. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया. तकनीकी जांच और मानव सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आदिल राशिद को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह अलग-अलग बहाने बनाकर पैसे मांगता था.

मना करने पर ब्लैकमेल करता था. उसने नकद और यूपीआई के माध्यम से यह राशि वसूली. पुलिस के अनुसार, आरोपित के पिता पूर्व में एसडीओ की गाड़ी चलाते थे. उनकी मृत्यु के बाद नौकरी के लिए आवेदन हेतु शपथ पत्र बनवाने वह कोर्ट गया था, जहां उसकी मुलाकात प्रमोद राय से हुई थी. बाद में उसने व्हाट्सएप पर “नेहा” बनकर संपर्क किया और बातचीत का सिलसिला शुरू किया. फिलहाल पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है.

![]()

