
CHHAPRA DESK – जयप्रकाश विश्वविद्यालय प्रक्षेत्र अंतर्गत अंगीभूत एवं अल्पसंख्यक महाविद्यालयों के कर्मचारियों द्वारा महासंघ के आह्वान पर प्रस्तावित राज्यव्यापी चरणबद्ध आंदोलन के तहत आज धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया. ज्ञात हो कि बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ की कार्यकारिणी एवं वृहद परिषद की बैठक में लिये गये निर्णय के आलोक में कर्मचारियों की 15 सूत्री मांगों एवं ज्वलंत समस्याओं के समाधान हेतु यह आंदोलन का आह्वान किया गया था. जिसको लेकर आज कर्मचारियों ने शांतिपूर्वक धरना-प्रदर्शन किया. उसी क्रम में आज सभी महाविद्यालयों में कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से कलमबंद हड़ताल करते हुए धरना दिया है.

वहीं कर्मचारियों ने एकजुटता का परिचय देते हुए अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार आवाज उठाई. इस मामले में प्रक्षेत्रीय सचिव अभिषेक कुमार द्वारा पूर्व में ही इस आंदोलन की सूचना विश्वविद्यालय के कुलपति एवं कुलसचिव को दे दी गई थी. वहीं प्रक्षेत्रीय अध्यक्ष हरिहर मोहन ने सभी महाविद्यालयों के सचिव एवं अध्यक्ष से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील भी कर रखी थी. जिसका व्यापक असर देखने को मिला. आंदोलन के अगले चरण के तहत कल 07 मई को पुनः धरना कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा तथा 20 मई को विश्वविद्यालय मुख्यालय पर कुलपति के समक्ष व्यापक एवं प्रभावी प्रदर्शन किया जाएगा. कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

![]()

