
CHHAPRA DESK – आपरेशन सिन्दूर में शहीद बीएसएफ के उपनिरीक्षक मोहम्मद इम्तियाज़, वीर चक्र को उनके प्रथम शहादत दिवस पर भावपूर्ण श्रद्धाजंलि अर्पित की गई. छपरा शहर के भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीमा सुरक्षा बल (BSF) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में शहीद को नमन किया. कार्यक्रम में आपरेशन सिंदूर के दरम्यान उनके अदम्य साहस एवं शहादत को याद करते हुए उपस्थित अतिथियों एवं पदाधिकारियों द्वारा उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई. इस अवसर पर मुख्य अतिथियों द्वारा उनकी पत्नी एवं परिजनों को अंगवस्त्र एवं मोमेंटो भेंट किया गया. मौके पर मुख्य अतिथि अल्पसंख्यक कल्याण विभाग बिहार के मंत्री जमा खान, सांसद महराजगंज जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक गरखा सुरेंद्र राम, विधायक छपरा छोटी कुमारी, बीएसएफ के आईजी मधुकर, सारण डीएम वैभव श्रीवास्तव, वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार, कमांडेंट बीएसएफ सुनील कुमार, कमांडेंट आईटीबीपी पीयूष पुष्कर, डिप्टी कमांडेंट बीएसएफ अनिल कुमार झा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, बीएसएफ एवं जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे.

बीएसएफ के आईजी श्री मधुकर ने सभी अतिथियों का स्वागत किया. उन्होंने अपने संबोधन में आपरेशन सिंदूर के दौरान 09 मई 2025 को जम्मू कश्मीर में अपने पोस्ट के घटनाक्रम में स्व० इम्तियाज द्वारा प्रदर्शित अदम्य साहस एवं 10 मई को उनकी शहादत की गौरव गाथा का वर्णन किया. उन्होंने भारत की प्रथम रक्षा पंक्ति के रूप में बीएसएफ के उद्गम से लेकर वर्त्तमान में 193 बटालियन वाले इस अर्द्ध सैनिक बल की गौरवशाली यात्रा के बारे में जानकारी दी. कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत से की गई. मंत्री अल्पसंख्यक कल्याण विभाग श्री खान ने शहीद मोहम्मद इम्तेयाज़ के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि यह हमें गौरवान्वित करता है.

उन्होंने कहा कि शहीद इम्तेयाज़ के परिजनों के साथ बिहार सरकार सदैव साथ है. उनके परिजनों को बिहार सरकार द्वारा 50 लाख रुपये की सम्मान राशि का सहयोग दिया गया था एवं उनके एक पुत्र को सरकारी नौकरी भी दी गई है. सांसद श्री सिंह सिग्रीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि यह एक भावुक एवं गौरवान्वित करने वाला पल है. उन्होंने शहीद इम्तेयाज के सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उनके परिवार को नमन करते हुए अपनी भावना व्यक्त की. वहीं जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि यह एक
भावुक पल है. सारण के इस वीर सपूत ने अपने कर्तव्य में अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश के लिए अपनी शहादत दी.

उन्होंने कहा कि स्व० मोहम्मद इम्तियाज के सर्वोच्च बलिदान से सभी लोगों को सबक लेकर देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना चाहिये. उनका बलिदान हमें अपने कर्त्तव्य के प्रति प्रेरित करता है. मौके पर किलकारी के कलाकारों द्वारा आपरेशन सिंदूर पर आधारित एक लघु नाटिका का प्रेरक मंचन किया गया. देशभक्ति गीत “ऐ मेरे वतन के लोगों” की भावभीनी प्रस्तुति दी गई. उक्त अवसर पर शहीद इम्तेयाज़ की पत्नी, पुत्र, पुत्री एवं अन्य परिजन उपस्थित थे. कार्यक्रम में स्काउट एंड गाइड, एनसीसी के कैडेट्स एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र / छात्रायें सैकडों की संख्या में मौजूद रहे.

![]()

