छपरा को जलजमाव से बचाने के लिए डीएम ने पूरे शहर का किया धरातलीय निरीक्षण

छपरा को जलजमाव से बचाने के लिए डीएम ने पूरे शहर का किया धरातलीय निरीक्षण

CHHAPRA DESK –  ​आगामी मानसून के मौसम में छपरा शहर को जलजमाव की समस्या से पूरी तरह सुरक्षित रखने के लिए सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने आज पूरे क्षेत्र का सघन स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जल निकासी के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जिलाधिकारी ने नाला सफाई के शेष कार्यों और नाला निर्माण के अधूरे कामों को उच्च प्राथमिकता के आधार पर हर हाल में 31 मई 2026 तक पूरा करने का कड़ा निर्देश दिया है. सड़क और नाला निर्माण से जुड़ी विभिन्न एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ युद्धस्तर पर काम करने को कहा गया है.
वहीं, ​साढ़ा ढाला ओवरब्रिज के नीचे से कदम चौक हनुमान मूर्ति तक निर्मित नाले का अवलोकन किया गया. कदम चौक के पास नाला निर्माण का कुछ कार्य अधूरा है. अंचलाधिकारी सदर छपरा को तुरंत जमीन की मापी कर ‘राइट ऑफ वे’ (ROW) के अंतिम छोर पर नाला निर्माण के लिए जगह चिन्हित करने का आदेश दिया गया. बुडको को ROW के अंतिम छोर पर नाला निर्माण कार्य को अविलंब पूरा करने का निर्देश दिया गया. वहीं IPS-C से प्रभुनाथ नगर की तरफ जाने वाले नाले की गहरी सफाई (Deep Cleaning) तथा इसका पक्का निर्माण पंचायत समिति के माध्यम से सुनिश्चित कराया जाने का आदेश दिया है. उस दौरान बुढ़िया माई बचपन प्ले स्कूल के पास नगर निगम द्वारा की जा रही नाला सफाई का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने जगदम कॉलेज तक नाले की डीप क्लीनिंग और पुलिया की अच्छे से सफाई कराने का निर्देश नगर निगम को दिया. वहीं साढ़ा ढाला के नीचे स्थित कल्वर्ट की पूरी सफाई नगर निगम सुनिश्चित करने को कहा गया. इसके लिए नगर निगम द्वारा निविदा (टेंडर) की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है.

Add
​मठिया मोड़ के पास स्थित कल्वर्ट की सफाई एवं नाला निर्माण का कार्य बुडको (BUIDCO) को कराने का निर्देश दिया गया. मठिया मोड़ से दूधिया पोखर तक पुराने नाले की सफाई पथ निर्माण विभाग (RCD) करेगा। इस पूरे स्ट्रेच (हिस्से) में अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) सदर को तुरंत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. वहीं ​नगर निगम द्वारा रामनगर नाले की कराई जा रही सफाई का जिलाधिकारी ने अवलोकन किया. भुतहा ढाला के पास स्थित कल्वर्ट की सफाई के लिए नगर निगम को रेलवे प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर काम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. भिखारी ठाकुर चौक से छोटा तेलपा तक नाले की सफाई नगर निगम द्वारा पूरी कर ली गई है. सड़क के नीचे स्थित कल्वर्ट की सफाई के लिए नगर निगम को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया. इसके लिए पहले ही निकाली जा चुकी निविदा (टेंडर) की प्रक्रिया को अविलंब पूरा कर उच्च प्राथमिकता पर कल्वर्ट साफ करने को कहा गया. ​पुलिस लाइन के पास अतिक्रमण के कारण नाले का कुछ काम रुका हुआ था, जिसे अब हटा दिया गया है.


​ पुल निर्माण निगम को आगामी 3 दिनों के भीतर शेष नाला निर्माण कार्य पूरा करने और पूरे नाले को कवर (ढकने) करने का सख्त निर्देश दिया गया. साथ ही सभी उपयुक्त स्थलों पर नाले में सीव (Seive/जाली) लगाने का निर्देश दिया गया ताकि कचरा आगे न बहे. बताया गया कि ​करीम चक से दक्षिण स्लुइस गेट तक नाले का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है. शेष कार्य को पूरा कर पूरे स्ट्रेच के नाले को कवर करने के लिए बुडको को 31 मई तक का समय दिया गया है.
उत्तर की तरफ के नाले से अविलंब मलबा हटाने का निर्देश भी बुडको को मिला. ​पटेल छात्रावास से रेलवे लाइन तक निर्माणाधीन नाले को भी 31 मई तक पूरा करने का निर्देश दिया गया. अंचलाधिकारी सदर छपरा को इस स्ट्रेच से अतिक्रमण हटाने के लिए पूर्व से संचालित अतिक्रमण वाद की कार्रवाई को पूरा कर तुरंत अतिक्रमण हटाने को कहा गया. ​पटेल छात्रावास से सुधा मिल्क पार्लर तक नाले में सिल्ट (गाद) की जांच कराई गई, जहाँ गाद पाई गई। बुडको को 31 मई तक पूरी गाद निकालने का निर्देश दिया गया है और जरूरत पड़ने पर सुपर सकर (Super Sucker) मशीन का उपयोग करने को कहा गया है.

साहेबगंज से मौना चौक होते हुए साढ़ा ढाला तक सड़क निर्माण के लिए कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग अविलंब प्राक्कलन तैयार कर विभाग को भेजेंगे. ​थाना चौक से साहेबगंज तक सड़क के दक्षिण तरफ ROW के अंत में ट्रैफिक प्रबंधन के दृष्टिकोण से बैरिकेडिंग कराने का निर्देश नगर निगम को दिया गया. क्षेत्र भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी के साथ नगर आयुक्त , अनुमंडल पदाधिकारी सदर, परियोजना निदेशक बुडको, वरीय परियोजना अभियंता पुल निर्माण निगम, नगर निगम के अभियंता, बुडको के अभियंता तथा अंचलाधिकारी (CO) सदर सहित अन्य सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.

Loading

77
E-paper प्रशासन ब्रेकिंग न्यूज़